Betul News: जहरीली शराब से मौतों के बाद बैतूल में अलर्ट, आबकारी अधिकारी ने खंगाली शराब दुकानें

बगडोना और सारणी की कम्पोजिट दुकानों का औचक निरीक्षण
Betul News: बैतूल। सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से 24 लोगों की मौत के बाद पूरे प्रदेश में आबकारी विभाग सतर्क हो गया है। सांझवीर टाईम्स ने इस मामले को पुरजोर तरीके से उठाते सवाल खड़े किए थे, इसके बाद आबकारी विभाग ने बैतूल जिले में भी शराब की गुणवत्ता और दुकानों के संचालन की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर आबकारी विभाग जिलेभर में संचालित कम्पोजिट शराब दुकानों की सघन जांच कर रहा है।
इसी अभियान के तहत 7 सितंबर को जिला आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह चढार ने सारणी क्षेत्र की कम्पोजिट मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बगडोना कम्पोजिट मदिरा दुकान एवं कम्पोजिट मदिरा दुकान सारणी नंबर-2 पहुंचकर शराब के विक्रय और गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न मापदंडों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान शराब की निर्धारित विक्रय दरों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न ब्रांड की शराब के बैच नंबर का रैंडम तरीके से मिलान किया गया तथा ईएएल कोड की भी जांच की गई। आबकारी अधिकारी ने दुकानों में उपलब्ध मदिरा के रिकॉर्ड और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
जांच के दौरान कुछ त्रुटियां सामने आने पर जिला आबकारी अधिकारी ने संबंधित मामलों में विभागीय प्रकरण कायम करने के लिए वृत्त प्रभारी सारणी को निर्देशित किया है। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि शराब दुकानों के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह चडार के अनुसार जिले के सभी वृत्त स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित सभी एकीकृत शराब दुकानों का विशेष निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को शराब की गुणवत्ता, बैच नंबर, ईएएल कोड, विक्रय दर और अन्य निर्धारित मापदंडों की गहन जांच करने को कहा गया है। जहरीली शराब की घटना के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध और संदिग्ध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।




