Betul Ki Khabar: डेंगू ने फिर पसारे पांव, 3 नए मरीज मिलने से हड़कंप
Betul Ki Khabar: Dengue spread again, panic due to discovery of 3 new patients

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बड़ी, अस्पताल में बनाए दो डेंगू वार्ड
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले में डेंगू ने पांव पसार दिए हैं। डेंगू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। नियंत्रण पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में डेंगू अपना विकराल रूप दिखा सकता है। बारिश के दिनों में मच्छर पनपने से डेंगू की बीमारी बढ़ने लगी है। निजी अस्पतालों के अलावा सरकारी अस्पतालों में डेंगू के मरीज पहुंच रहे हैं। हालांकि सरकार एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट को ही मान्य करती है। जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र राजपूत ने बताया कि हाल ही में तीन डेंगू के और मरीज सामने आए हैं। दो मरीजों की पुष्टि भोपाल में जांच के दौरान हुई है। एक मरीज की पुष्टि बैतूल में हुई जांच से मिली है। बढ़ती बीमारी को देखते हुए डेंगू बीमारी को लेकर जांच जारी है। अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी व्यवस्था बनाई गई। जिले के अधिकतर ब्लाकों में डेंगू के मरीज सामने आ चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक जनवरी से लेकर अब तक इस आठ माह में बैतूल में कुल डेंगू के कुल 12 मरीज मिले हैं।
जहां मिल रहे मरीज, वहां पहुंच रही है टीम
अधिकारियों ने बताया कि जहां पर भी डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं। वहां पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पहुंचकर लोगों की सेहत की जांच की जा रही है, ताकि डेंगू बीमारी और लोगों में न फैले। अधिकारियों का कहना है कि अभी एक ही क्षेत्र में इक्_े मरीज सामने नहीं आए हैं। एक दो मरीज ही मिल रहे हैं, फिर भी एतिहात बरता जा रहा है। जिस भी ब्लॉक में मरीज मिल रहे हैं, वहां पर टीम पहुंचकर स्लाइट बनाकर जांच कर रही है। डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैं, लेकिन मलेरिया से अभी राहत है। इस आठ माह में मलेरिया के केवल दो ही मरीज सामने आए हैं।
अस्पताल में बनाए गए डेंगू वार्ड
डेंगू के मरीज सामने आने के बाद अस्पतालों में डेंगू वार्ड बनाकर तैयार कर दिए हैं। हालांकि अभी डेंगू वार्डों में मरीज भर्ती नहीं है। जिला अस्पताल में भी डेंगू वार्ड बनाया गया है। यदि कोई मरीज सामने आता है तो उसे वार्ड में भर्ती किया जाएगा। जिला अस्पताल के अलावा अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी डेंगू बीमारी को लेकर भी वार्ड बनाए हैं। इन मरीजों को अलग वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जाएगा। डेंगू मच्छर के काटने से फैलता है, इसलिए यह बीमारी एक दूसरे में भी फैल जाती है।
छिड़काव कार्य है जारी
डेंगू से निपटने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में दवाइयों का छिड़काव भी किया जा रहा है। जहां पर मच्छर अधिक पनप रहे हैं, वहां पर दवाइयां का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि मच्छरों का खातमा हो जाए। मलेरिया विभाग अपने स्तर से डेंगू की बीमारी को नियंत्रण करने में लगा है, लेकिन शहरी क्षेत्र में मच्छरों के खात्मे को लेकर नपा गंभीर नहीं है। अभी कई दिनों से छिड़काव नहीं किया गया है, जिससे मच्छर पनपते ही जा रहे हैं।
इनका कहना….
हाल ही में जिले में और तीन डेंगू के मरीज सामने आए हैं। इनमें से दो मरीजों की पुष्टि भोपाल में की गई है। दवाइयों का छिड़काव और जांच का काम लगातार जारी है।
जितेंद्र राजपूत, जिला मलेरिया अधिकारी, बैतूल





