Betul News: गांव-गांव धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब, सागर की घटना से सबक लेने की जरूरत

अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई के दावे के बावजूद कई क्षेत्रों में खुलेआम बिक्री के आरोप, युवाओं पर भी बढ़ रहा नशे का असर
Betul News: बैतूल। जिले में अवैध शराब की बिक्री का कारोबार एक बार फिर चर्चा में है। ग्रामीण क्षेत्रों में गांव-गांव शराब की अवैध बिक्री होने के आरोप सामने आ रहे हैं। सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना ने अवैध शराब के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में बैतूल जिले के आबकारी और पुलिस विभाग को भी इस मामले में सतर्कता बढ़ाने और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की जरूरत है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर अवैध शराब उपलब्ध होने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर बिना लाइसेंस शराब बेची जा रही है। इसके कारण शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है और इसका सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ रहा है। विभाग द्वारा समय-समय पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आती है, लेकिन इसके बावजूद कारोबार पूरी तरह बंद नहीं हो पा रहा है।
मिलावट की आशंका ने बढ़ाई चिंता
अवैध शराब के मामले में सबसे बड़ी चिंता उसकी गुणवत्ता को लेकर है। अधिक मुनाफे के लिए अवैध रूप से तैयार या बेची जाने वाली शराब में मिलावट किए जाने की आशंका रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की शराब की बिक्री से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
अवैध शराब में यूरिया या अन्य रसायन मिलाए जाने की बातें भी सामने आती रही हैं, हालांकि ऐसी सामग्री की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है। इसलिए प्रशासन को अवैध शराब के नमूने लेकर उनकी नियमित जांच कराने की जरूरत है।
शराब से बिगड़ रहा गांवों का माहौल
गांवों में आसानी से शराब उपलब्ध होने का असर सामाजिक वातावरण पर भी दिखाई दे रहा है। शराब के नशे में आए दिन विवाद होने की शिकायतें सामने आती हैं। कई जगह घरेलू विवाद, मारपीट और सार्वजनिक स्थानों पर झगड़े जैसी घटनाओं में शराब को एक कारण बताया जाता है। नशे की वजह से वाहन चलाने के मामले भी ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता का विषय बने हुए हैं।
इक्का-दुक्का कार्रवाई से नहीं रुकेगा कारोबार
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ केवल छिटपुट कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। जिन क्षेत्रों में लगातार अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं, वहां पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करनी चाहिए।
साथ ही अवैध शराब के स्रोत, परिवहन और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जानी चाहिए। सागर जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समय रहते सख्त कदम उठाना जरूरी है। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह चडार से उनके मोबाईल नंबर 7389194819 पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।




