Betul Nagar Palika: नपा को मिलेगी नई इमारत, बारिश बाद शुरू होगा निर्माण

5 हजार वर्गफीट में बनेगी चार मंजिला बिल्डिंग, आधा दर्जन शाखाएं होंगी शिफ्ट; जर्जर भवन में जान जोखिम में डालकर काम कर रहे कर्मचारी

Betul Nagar Palika: बैतूल। नगर पालिका परिषद के पुराने और जर्जर भवनों के कायाकल्प की कवायद तेज हो गई है। अंग्रेजों के जमाने में बनी नगर पालिका की इमारत के साथ अब नपा परिसर में स्थित स्वच्छता और संबल योजना के जर्जर भवन को भी नया रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है।

करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से इस भवन की जगह चार मंजिला नई इमारत बनाई जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बारिश समाप्त होने के बाद अक्टूबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

करीब 5 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनने वाली चार मंजिला इमारत में नगर पालिका की करीब आधा दर्जन शाखाओं को संचालित किया जा सकेगा। इससे अलग-अलग स्थानों पर संचालित कार्यालयों को एक जगह लाने में सुविधा होगी। साथ ही कर्मचारियों के साथ विभिन्न कामों के लिए नगर पालिका पहुंचने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

जर्जर भवन में काम करना बना था जोखिम

वर्तमान में स्वच्छता और संबल योजना सहित अन्य शाखाएं जिस भवन में संचालित हो रही हैं, उसकी हालत काफी जर्जर हो चुकी है। भवन की स्थिति ऐसी है कि कभी भी अप्रिय स्थिति बन सकती है। इसके बावजूद कर्मचारी इसी भवन में काम करने को मजबूर हैं।

भवन के कायाकल्प की जरूरत को देखते हुए सीएमओ नवनीत पांडे ने कुछ माह पहले इसका निरीक्षण किया था। इसके बाद विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष से चर्चा कर नए भवन की रूपरेखा तैयार की गई। प्रस्ताव में स्वच्छता, संबल योजना, एलएनएमयू सहित अन्य शाखाओं को नई इमारत में शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है।

बारिश बाद अक्टूबर से काम शुरू होने की उम्मीद

नई इमारत के निर्माण के लिए करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से टेंडर पहले ही जारी हो चुके हैं। बारिश समाप्त होने के बाद अक्टूबर माह से निर्माण शुरू होने की संभावना है। बुधवार को सीएमओ नवनीत पांडे ने सब इंजीनियर नगेंद्र वागद्रे, पंकज धुर्वे, अधीक्षक विजय हुद्दार सहित अन्य अधिकारियों के साथ प्रस्तावित भवन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी लेते हुए काम को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

पुरानी इमारतों के कायाकल्प पर भी फोकस

नगर पालिका प्रशासन द्वारा कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ पुराने भवनों के कायाकल्प पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में टाउन हॉल के रंगरोगन और सुधार कार्य की कवायद भी चल रही है। नई चार मंजिला इमारत बनने के बाद नगर पालिका की कई शाखाओं के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी और कार्यालयीन कामकाज में भी सहूलियत बढ़ेगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button