Betul News: एआईसीसी प्रभारी बोले- हमारे पास लोकसभा है न विधानसभा, फिर भी विचारधारा जीवित
Betul News: AICC in-charge said- We have neither Lok Sabha nor Vidhan Sabha, yet the ideology is alive

कांग्रेस संगठन सृजन अभियान शुरू, पार्टी को अर्श से फिर ऊंचाई तक ले जाने जुटे नेता
Betul News: बैतूल। अर्श से फर्श पर आ चुकी कांग्रेस अब खुद को फिर से खड़ा करने के लिए संगठनात्मक रूप से खुद को मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में जिले में सोमवार से कांग्रेस संगठन सृजन अभियान की विधिवत शुरुआत हुई। इस अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी एवं हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की शाहपुर विधानसभा के विधायक केवल पठानिया चार दिवसीय दौरे पर बैतूल पहुंचे हैं।उन्होंने स्थानीय एक निजी होटल में आयोजित पत्रकारवार्ता के माध्यम से पत्रकारों से चर्चा की और संगठन सृजन अभियान का विस्तृत खाका पेश किया। पत्रकारवार्ता में पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, भोपाल जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव, प्रदेश कांग्रेस सचिव अजय दांते सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अंतिम छोर के कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेगी टीम
पत्रकारों से चर्चा करते हुए केवल पठानिया ने कहा कि कांग्रेस संगठन को फिर से मजबूत करने के लिए पूरे देश में अभियान चलाया जा रहा है। बैतूल जिले के सभी ब्लॉकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित कर नीचे से ऊपर तक कार्यकर्ताओं के अनुभव, सोच और सुझाव को गंभीरता से संकलित किया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि, मुझे सिर्फ फीडबैक लेने और एक निष्पक्ष रिपोर्ट बनाकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन में नियुक्तियों पर कोई फैसला इस रिपोर्ट के आधार पर बाद में लिया जाएगा।
अभियान से मिलेगी कांग्रेस को मजबूती
पत्रकारवार्ता में जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि 1885 की कांग्रेस और 2025 की कांग्रेस में क्या अंतर है, तो उन्होंने इस सवाल को चतुराई से टाल दिया। हालांकि, उन्होंने इतना अवश्य कहा कि आज हमारे पास न लोकसभा है न विधानसभा, लेकिन गांधी और नेहरू की विचारधारा आज भी जीवित है।उन्होंने दावा किया कि संगठन सृजन अभियान पार्टी को फिर से मजबूती देने की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जिसके तहत गांव-गांव तक जाकर कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा।
समन्वय समिति की बैठक में हुए रणनीतिक निर्णय
पत्रकारवार्ता के तुरंत बाद प्रभारी केवल पठानिया ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ समन्वय समिति की बैठक भी की। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व विधायक निलय डागा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, प्रदेश सचिव समीर खान, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामु टेकाम, प्रवक्ता हेमंत पगारिया, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोनिका निरापुरे और शहर अध्यक्ष पुष्पा पेन्द्राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
अगले 3 दिन तक टटोलेंगे कार्यकर्ताओं की नब्ज
अभियान के तहत अगले तीन दिनों में जिले के विभिन्न ब्लॉकों में कांग्रेस की बैठकें आयोजित होंगी। इस दौरान जमीनी कार्यकर्ताओं से पार्टी के भविष्य, संगठनात्मक ढांचे, स्थानीय मुद्दों और नेतृत्व को लेकर राय ली जाएगी। इस फीडबैक को संकलित कर प्रभारी द्वारा केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट दी जाएगी, जो आने वाले समय में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव का आधार बन सकती है।




