PM Modi at Betul: अब 14 को आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, तैयारियां शुरू, साकादेही में तीन हेलीपेड निर्माण शुरू, बैठक में तय होगा अन्य कार्यक्रम

PM Modi at Betul: बैतूल। अंतत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बैतूल आगमन का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व में प्रधानमंत्री के 15 को बैतूल आने का कार्यक्रम बना था, लेकिन इसमें आंशिक फेरबदल हुआ है। अब वे 14 नवंबर मंगलवार को सुबह 11 बजे आएगी और लगभग 1 बजे रवाना हो जाएंगे। प्रशासन को प्रधानमंत्री के आगमन की सूचना मिलने के बाद सभा स्थल साकादेही में हेलीपेड बनना शुरू हो गए हैं। अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शाम तक बैठक में मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय हो सकता है।
भाजपा के स्टार प्रचार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बैतूल दौरे को हरीझंडी मिल गई है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री 15 के बजाए अब 14 नवंबर को बैतूल आ रहे हैं। वे भोपाल तक विशेष वायुयान से लगभग 10.30 बजे नई दिल्ली से यहां पहुंचेंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक भोपाल से हेलीकाप्टर से रवाना होकर उनका 10.55 बजे साकादेही आगमन का कार्यक्रम है। इसलिए आज से उनके कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग भी सुरक्षा की दृष्टि से भोपाल मुख्यालय से पुलिस बल की डिमांड करेगा। चूंकि प्रधानमंत्री को एसपीजी की सुरक्षा मिली है, इसके लिए सारी व्यवस्थाओं को माकुल किया जा रहा है।
100 x100 क्षेत्र में तीन हेलीपेड का निर्माण शुरू
14 नवंबर को प्रधानमंत्री का दौरा तय होते ही प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। दरअसल एसपीजी की सुरक्षा प्राप्त प्रधानमंत्री के लिए तीन हेलीपेड बनाए जाते हैं। इस लिहाज से 100×100 क्षेत्र में प्रधानमंत्री की तीन हेलीकाप्टर उतरने के लिए हेलीपेड का निर्माण शुक्रवार से शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग इन हेलीपेडों का निर्माण कर रहा है। बालाजी इंजीनियरिंग कालेज के पास साकादेही में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के पास ही हेलीपेड तैयार किए जा रहे हैं। दो दिन में लोक निर्माण विभाग हेलीपेड बनाकर तैयार कर देगा।
10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में होगी अन्य व्यवस्थाएं
जानकारी के मुताबिक बालाजी इंजीनियरिंग कालेज के पास साकादेही में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा लगभग दस एकड़ क्षेत्र में हो सकती है। यहां जमीन समतल करने के बाद लोकनिर्माण विभाग ही मंच बनाएगा। यह मंच एसपीजी की टीम के शनिवार को बैतूल पहुंचने के बाद बनना शुरू होगा। मंच के आगे सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी डी बनाई जाएगी। इसके बाद सभा स्थल बनाने की तैयारियां की जा रही है। एसपीजी की टीम स्थानीय अधिकारियों और भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद पूरे कार्यक्रम का खाका तैयार करेंगी।
पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान तय होंगे
सूत्र बताते हैं कि साकादेही में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री की सभा के लिए सुरक्षा की दृष्टि का भी पैमाना रहेगा। इसके लिए अभी तक तैयारियां नहीं की गई है, लेकिन पार्किंग की समस्या पर सबसे अधिक ध्यान दिया जा रहा है। बैतूल की ओर से बैतूल, मुलताई, आमला से आने वाले वाहनों के लिए बैतूल रोड पर ही पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। चिचोली, घोड़ाडोंगरी, शाहपुर, सारणी से आने वाले वाहनों के लिए बालाजी इंजीनियरिंग कालेज से पाढर मार्ग पर व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग व्यवस्था के लिए हालांकि अभी प्लान नहीं बना है, लेकिन सूत्रों के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से सभा स्थल से दूर पार्किंग करने की रणनीति बनाई जा रही है, ताकि जाम जैसी स्थिति निर्मित न हो।
सीएम के बहाने दो विस मजबूत करने की तैयारी
भाजपा प्रधानमंत्री के 14 नवंबर के प्रस्तावित दौरे के पहले दो अन्य विधानसभा घोड़ाडोंगरी और आमला को मजबूत करने की रणनीति बना रही है। दोपहर तक मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूर्व में घोड़ाडोंगरी विधानसभा के बीजादेही में होने वाली सभा को दामजीपुरा कर दिया गया है। निर्दलीय प्रत्याशी राहुल सिंह चौहान का गृह ग्राम होने के कारण सभा स्थल बदला जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आमला मुख्यालय पर पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सभा नहीं होने के बाद मुख्यमंत्री की सभा रणनीति के तहत कराई जा रही है।




