Betul News: कारगिल चौक-गढ़ाघाट टूलेन सड़क का ठेका निरस्त पीडब्ल्यूडी की बड़ी कार्रवाई

लेटलतीफी और अव्यवस्था पर गिरी गाज, नए टेंडर की तैयारी शुरू
Betul News: बैतूल। कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक लगभग 7 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन टू-लेन सड़क परियोजना में लगातार हो रही देरी और आम नागरिकों को हो रही भारी परेशानी के बीच लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठेकेदार का अनुबंध समाप्त कर दिया है।
पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री मनीष कुमार मरकाम ने भोपाल की कपिल शर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी का ठेका टर्मिनेट कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इस सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही और लोगों की परेशानियों को लेकर सांझवीर टाईम्स के गतांक और पूर्व में भी समाचार प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था, इसके बाद विभागीय कार्रवाई सामने आई है।
जानकारी के अनुसार कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से बेहद धीमी गति से चल रहा था। विभागीय सूत्रों के मुताबिक नवागत ईई मनीष कुमार मरकाम ने पदभार संभालने के बाद निर्माण कार्य की समीक्षा की और ठेकेदार को नियमानुसार कई नोटिस जारी किए। बावजूद कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और निर्माण की रफ्तार जस की तस बनी रही। लगातार लापरवाही को देखते हुए अंतत: विभाग ने अनुबंध निरस्त करने का निर्णय लिया।
खुदाई कर छोड़ी सड़क, लोगों को उठानी पड़ी परेशानी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ठेकेदार ने सड़क को कई स्थानों पर खोदकर अधूरा छोड़ दिया, इससे रोजाना आवागमन प्रभावित होता रहा। कहीं सड़क का निर्माण किया गया तो कहीं लंबे समय तक खुदाई के बाद काम बंद रखा गया। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे हजारों लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने कार्य में गंभीरता नहीं दिखाई और लोगों की सुविधाओं की अनदेखी की।
जल्द जारी होगा नया टेंडर
पीडब्ल्यूडी अब इस सड़क परियोजना के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि निर्माण कार्य जल्द दोबारा प्रारंभ हो सके। विभाग का प्रयास है कि नई एजेंसी के माध्यम से समयबद्ध तरीके से सड़क का निर्माण पूरा कराया जाए और क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने भी मांग की है कि नई निर्माण एजेंसी का चयन शीघ्र कर गुणवत्तापूर्ण एवं तेज गति से कार्य कराया जाए, जिससे लंबे समय से चली आ रही परेशानी का स्थायी समाधान हो सके।
इनका कहना…
समय अनुसार कार्य नहीं होने की वजह से पहले नोटिस दिए। अपेक्षाकृत कार्यप्रणाली नहीं होने के बाद सड़क का ठेका निरस्त कर दिया गया है। नए टेंडर लगाए जा रहे हैं।
मनीष कुमार मरकाम, ईई पीडब्ल्यूडी बैतूल




