Betul Hospital News: Video: जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ मारपीट के बाद हंगामा

अस्पताल चौकी में शिकायत, मामले की जांच शुरू

Betul Hospital News: बैतूल। जिला अस्पताल में शुक्रवार रात एक महिला डॉक्टर के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टर ने इस संबंध में सिविल सर्जन और अस्पताल चौकी में लिखित शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बगडोना-सारनी निवासी नवीता को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात के समय ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर रूपल श्रीवास्तव द्वारा मरीज का उपचार किया जा रहा था। इसी दौरान प्रसूता के परिजनों और डॉक्टर के बीच उपचार को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर परिजनों ने डॉक्टर के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया।

सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे और डॉ. रानू वर्मा अस्पताल पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। हालांकि इस घटना से अस्पताल के अन्य डॉक्टर और स्टाफ भी आक्रोशित नजर आए। वहीं प्रसूता के परिजनों का आरोप है कि महिला डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ द्वारा मरीज के उपचार में लापरवाही बरती गई। परिजनों का कहना है कि मरीज की स्थिति पर पहले से पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया और अचानक सीजर ऑपरेशन की बात बताई गई, जिससे वे नाराज हो गए। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला विवाद में बदल गया।

सीजर ऑपरेशन का बताया तो भड़के परिजन

दूसरी ओर महिला डॉक्टर रूपल श्रीवास्तव का कहना है कि प्रसूता को पूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। पहले सामान्य प्रसव कराने की कोशिश की गई, लेकिन जब स्थिति अनुकूल नहीं बनी तो परिजनों को सीजर ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी गई। डॉक्टर का आरोप है कि जैसे ही ऑपरेशन की बात बताई गई, परिजन भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।

उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों का व्यवहार इतना आक्रामक था कि उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए एक कमरे में बंद होना पड़ा। घटना के बाद प्रसूता के परिजन महिला को उपचार के लिए किसी निजी अस्पताल ले गए। महिला डॉक्टर ने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद आवेदन को कोतवाली थाने भेज दिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इनका कहना….

अस्पताल में भर्ती प्रसुता के परिजनों द्वारा महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता कर मारपीट किए जाने की शिकायत आई है। इस मामले की जांच कर रहे है। परिजनों को किसी प्रकार से कोई परेशानी थी तो इसकी शिकायत कर सकते थे। डॉक्टर के साथ मारपीट करना सहीं नहीं हैं।

डॉ. जगदीश घोरे

सिविल सर्जन, जिला अस्तपाल बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button