Ward Parikrama: विकास के खोखले दावे: विवेकानंद वार्ड में समस्याओं का अंबार

मुख्य मार्ग सहित कई सड़कें खस्ताहाल, मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे वार्डवासी

Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 33 विवेकानंद वार्ड में विकास कार्यों की रफ्तार थम सी गई है। वार्ड की पहचान बन चुकी मुख्य सड़क वर्षों से बदहाली का शिकार है। जगह-जगह बने गड्ढों ने सड़क को खतरनाक बना दिया है, जिससे रोजाना लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वार्ड की कई अन्य गलियां और संपर्क मार्ग भी खस्ताहाल हैं, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान अब तक इस ओर नहीं गया है।

 सांझवीर टाईम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान क्षेत्रवासियों ने अपनी पीड़ा खुलकर बयां की। लोगों का कहना है कि सड़क, नाली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए उन्हें लंबे समय से संघर्ष करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सड़कों पर पानी भरने और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

वार्ड की भाजपा पार्षद अंजू राजू शर्मा के कामकाज को लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखाई दी। कई नागरिकों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय किए गए वादे अब तक धरातल पर नजर नहीं आए हैं। हालांकि पार्षद अंजू शर्मा का कहना है कि बजट के अभाव में इस बार कई विकास कार्य नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क निर्माण के लिए अधिकारियों से लेकर विधायक तक कई बार मांग रखी गई, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।

वार्डवासियों का कहना है कि सबसे बड़ी समस्या मुख्य सड़क की है, जो लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द ठोस कदम उठाकर वार्ड की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

क्या कहते हैं वार्डवासी

वार्ड में सड़क की हालत बेहद खराब है। सफाई के लिए कर्मचारी नहीं आते हैं। नालियां चोक पड़ी है, जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा रहता है। बारिश के समय सड़कों पर जल भराव हो जाता है। वार्ड पार्षद द्वारा कोई कामकाज नहीं किया। सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है।

– दीपू धुर्वे, वार्डवासी

वार्ड में 40 ऐसे घर है जो लगभग तीस वर्षों से पट्टे के लिए तरस रहे हैं। इन लोगों को पट्टे नहीं मिल पा रहे हैं। वार्ड पार्षद से कई बार शिकायत कर चुके हैं पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वार्ड में साफ सफाई व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। कचरा वाहन भी कभी कभार ही नजर आता है।

सचिन राठौर, वार्डवासी

वार्ड में पानी की सबसे ज्यादा किल्लत है। वार्डवासी पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। नल पर्याप्त मात्रा में नहीं आ पाते हैं। नल के अलावा पानी के लिए कोई दूसरे स्त्रोत नहीं है। वार्ड के भीतर मुख्य सड़क खराब हो गई है। कई सालों से सड़क नहीं बनने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ललिता पुष्पराज साहू, वार्डवासी

वार्ड में सड़क की सबसे बड़ी समस्या है। सड़क खराब होने से आवागमन में भी परेशानी होती है। बारिश के समय जल भराव हो जाता है। कई बार वार्ड पार्षद से शिकायत कर चुके हैं , लेकिन सड़क का निर्माण कार्य नहीं हो सका है। वर्षों से लोग सड़क के कारण परेशान है।

वार्डवासी श्रीमती पवार

 

बजट का अभाव: पार्षद

बजट के अभाव के कारण वार्ड में कोई काम नहीं हुए हैं। वार्ड के कुछ क्षेत्रों में छोटी सड़कों और नालियों का निर्माण किया गया। एनीकट के पास एक पुलिया बनाई गई। इसके अलावा कोई बड़े काम नहीं हुए। मुख्य सड़क की परेशानी को कई बार नपा के अधिकारियों के सामने रखा। विधायक हेमंत खंडेलवाल से भी मुलाकात की, लेकिन सड़क नहीं बना पाए। यह सही बात है कि सड़कें खराब होने के कारण वार्डवासियों को परेशानी होती है।

अंजू शर्मा, पार्षद विवेकानंद वार्ड 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button