Ward Parikrama: तीन पीढ़ियों से पट्टे के लिए तरस रहे लोहिया वार्ड निवासी

वार्ड में सड़क, नाली और पानी की भी समस्या

Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 30 लोहिया वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्ड के लोगों का आरोप है कि वर्षों से सड़क, नाली और पट्टों की समस्या जस की तस बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। हालात यह हैं कि कई परिवार तीन पीढ़ियों से निवास कर रहे हैं, फिर भी उन्हें अब तक भूमि के पट्टे नहीं मिल पाए हैं।

वार्डवासियों के अनुसार बस्ती में आधा सैकड़ा से अधिक परिवार ऐसे हैं जो लंबे समय से पट्टे की मांग कर रहे हैं। इसके लिए नगर पालिका से लेकर जनप्रतिनिधियों तक कई बार आवेदन और गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने तो पहुंच जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं देता।

रहवासियों ने बताया कि वार्ड में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और जलभराव की समस्या बनी रहती है। कई क्षेत्रों में पक्की नालियां नहीं हैं, जबकि जहां नालियां बनी हुई हैं वहां भी रखरखाव का अभाव है। वार्ड से गुजरने वाले नाले की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना रहता है।

सड़क सुविधा को लेकर भी लोगों में असंतोष है। वार्ड के कई हिस्सों में सड़कें नहीं होने से बारिश के दिनों में आवागमन मुश्किल हो जाता है। कीचड़ और खराब रास्तों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।

वार्ड परिक्रमा अभियान के दौरान जब स्थानीय लोगों से चर्चा की गई तो अधिकांश रहवासियों ने सड़क, नाली और पट्टे की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया। उनका कहना है कि वर्षों से मांगों के बावजूद कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 30 का प्रतिनिधित्व भाजपा पार्षद सोमती धुर्वे करती हैं।

हालांकि वार्ड के कई लोगों ने पार्षद के कार्यों को लेकर असंतोष जताते हुए कहा कि अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। रहवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।

क्या कहते है वार्डवासी

वार्ड के भीतर गंदगी का अंबार है। प्रतिदिन साफ-सफाई नहीं होती है। नालियां बज बजा रही है। वार्ड पार्षद से कई बार शिकायतें की जाती, लेकिन कोई समस्या का समाधान नहीं निकलता है। पार्षद द्वारा केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है।

राजकुमारी धुर्वे, वार्डवासी

वार्ड में पट्टे की समस्या है। कई परिवार पिछली तीन पीढ़ियों से बिना पट्टे के निवास कर रहे है। जनप्रतिनिधी वोट मांगने आते है इसके बाद कभी समस्या सुनने के लिए नहीं आते। कई बार पट्टे की मांग की, लेकिन आज तक पट्टे नहीं मिले।

भागा वाघमारे, वार्डवासी

वार्ड में सड़क की समस्या बनी है, सड़क नहीं होने के कारण आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होते ही सड़क पर दलदल जैसी स्थिति हो जाती है। पार्षद द्वारा केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।

सुनिता परते, वार्डवासी

पट्टे की मांग की थी, विधायक हेमंत खण्डेलवाल और पार्षद ने भी आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक पट्टे नहीं मिल पाए। पट्टे नहीं मिलने के कारण अब तक मकान नहीं बने झोपड़ियों में रहने को मजबूर हो रहे है।

मीना धुर्वे, वार्डवासी

बजट के अभाव में नहीं हो सके काम: पार्षद

नगरपालिका से बजट नहीं मिल रहा है। जिसके कारण कामकाज नहीं हो पाए। वार्ड के भीतर दो सड़कों का निर्माण किया गया, कुछ जगह नाली बनाई गई। जहां तक पट्टे की बात है तो मैंने कई बार नगरपालिका में पट्टे देने के ललिए वार्डवासियों के साथ अधिकारियों से बात की है। विधायक हेमंत खण्डेलवाल के भी संज्ञान में पट्टे की बात लाई थी। अब बजट मिलने के बाद वार्ड में सड़क, नाली सहित अन्य काम किए जाएंगे।

सोमती धुर्वे, पार्षद, लोहिया वार्ड

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button