Betul Samachar: कॉलेज चौक पर जी-ज्वाइंट के छोटे रिसाव ने बढ़ाई मुसीबत

एक साथ तीन लीकेज आने से नपा की बढ़ी परेशानी, अब स्थाई समाधान के लिए कल रात में होगा मरम्मत का काम
Betul Samachar: बैतूल। नगर पालिका बैतूल ने कॉलेज चौक स्थित मुख्य पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत को लेकर नगरवासियों से धैर्य और सहयोग की अपील की है। नपा का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल लीकेज बंद करना नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों तक शहर को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है।
नगर पालिका के अधिकारियों की माने तो कॉलेज चौक की मुख्य पाइपलाइन में पिछले लगभग दो माह से लीकेज की समस्या बनी हुई थी। भीषण गर्मी और पानी की बढ़ी हुई मांग को देखते हुए तत्काल खुदाई नहीं की गई, क्योंकि इससे शहर के बड़े हिस्से में कई दिनों तक जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो सकती थी।
स्थिति सामान्य होने पर 27 जून से स्थायी मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। खुदाई के दौरान तीन स्थानों पर लीकेज मिले, जिनकी 28 जून को तकनीकी मानकों के अनुरूप मरम्मत की गई।
मरम्मत के बाद पाइपलाइन को तीन दिन तक परीक्षण के लिए रखा गया। निरीक्षण में दो लीकेज पूरी तरह बंद पाए गए, जबकि टी-जॉइंट के कॉर्नर पर अत्यंत सूक्ष्म रिसाव दिखाई दिया।
तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि पाइपलाइन जिग-जैग पैटर्न में बिछी हुई है और 235 हॉर्स पावर की मोटर के उच्च दबाव से इसी जॉइंट के माध्यम से शहर की लगभग आठ जल टंकियों तक पानी पहुंचाया जाता है। इसी कारण इस हिस्से पर सामान्य से अधिक दबाव बना रहता है।
दोबारा की जाएगी मरम्मत
नगर पालिका ने बताया कि टी-जॉइंट की दोबारा मरम्मत 6 जुलाई को की जाएगी। पिछले चार-पांच दिनों से जलापूर्ति प्रभावित रहने के कारण पहले शहर में पानी की आपूर्ति सामान्य करना आवश्यक समझा गया, ताकि नागरिकों को अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मरम्मत के बाद पाइपलाइन को फिर से तीन दिन तक परीक्षण में रखा जाएगा और पूरी तरह संतोषजनक परिणाम मिलने के बाद ही गड्ढे की भराई एवं सीसी कार्य कराया जाएगा। नगर पालिका के तकनीकी अमले ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह, जनहित और दीर्घकालिक समाधान को ध्यान में रखकर लिया गया है।
नपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अस्थायी असुविधा को स्थायी समाधान की दिशा में उठाया गया आवश्यक कदम समझें। साथ ही भरोसा दिलाया कि तकनीकी टीम 24 घंटे निगरानी करते हुए शहर की पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सड़क बनने के बाद एक साथ तीन लीकेज
कालेज चौक पर अमृत योजना के तहत 1 करोड़ की अधिक राशि से सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। हालांकि ठेकेदार की लापरवाही के कारण 6 माह की अवधि बीत जाने के बाद काम पूरा नहंी हो सका है। इस बीच 27 जून को अमृत योजना की पाइप लाइन में लीकेज से नपा की परेशानी बढ़ गई है। अगले दिन तक जब नपा ने खुदाई कर वस्तुस्थिति देखी तो एक साथ तीन लीकेज मिलने से अधिकारियों के भी हाथ पैर फूल गए।
चूंकि एक साथ तीन लीकेज की मरम्मत का काम होना संभव नहीं है, इसलिए जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जाता है कि 6 जुलाई को पूरी रात तीनों लीकेज को सुधारने का काम किया जाएगा, ताकि कालेज चौक जैसे मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित भी न रहे और पेयजल व्यवस्था भी सुचारू हो सके। इसके साथ ही नपा स्थाई समाधान निकाला जा सके। इसकी के बाद नपा तीन दिन तक सुधार पर परीक्षण करेगी। संतोषजनक परिणाम प्राप्त होने पर खुदाई की गई सड़क को समतल किया जाएगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



