Betul News: 93 कॉलोनियों पर कार्रवाई, शुल्क नहीं भरने वालों के खाली प्लॉट पर नपा का होगा कब्जा

अवैध कॉलोनियों को वैध करने की कवायद ने पकड़ी रफ़्तार
Betul News: बैतूल। शासन स्तर पर नई गाइड लाइन आने के बाद शहर की अवैध कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। गाइडलाइन लागू होने के बाद नगर पालिका ने 93 अवैध कॉलोनियों को वैध करने की दिशा में कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इस अभियान के तहत कॉलोनियों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां प्लॉट और भवन मालिकों को आवश्यक जानकारी देने के साथ वैधीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि शासन द्वारा जारी नई गाइडलाइन के अनुसार ही पूरी कार्रवाई की जा रही है। जिन लोगों ने अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदे हैं, उन्हें निर्धारित राशि जमा कर अपने प्लॉट या भवन का वैधीकरण कराना होगा। राशि जमा करने वाले भू-स्वामियों के प्लॉट और भवन नियमानुसार वैध घोषित किए जाएंगे। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जो भू-स्वामी निर्धारित शुल्क जमा नहीं करेंगे, उनकी भूमि अवैध श्रेणी में ही बनी रहेगी। यदि ऐसा हुआ तो भूमि मालिक का राजस्व रिकार्ड प्रभावित होगा बल्कि, प्लाट पर लोन आदि लिए जाने का फायदा भी भू स्वामी को नहीं मिल पायेगा।
खाली प्लाटों पर नपा का होगा कब्जा, नपा की संपत्ति के लगेंगे बोर्ड
सीएमओ के मुताबिक जो भी भूमि मालिक राशि जमा करेगा उनकी भूमि वैद्यता की श्रेणी में आ जायेगी। यहां यह भी देखा जाएगा कि कॉलोनाइजर के यदि कुछ प्लाट या भूमि खाली पड़ी हुई है , तो ऐसे मामलों में य उस भूमि पर नगर पालिका का कब्जा होगा बल्कि यहाँ नपा की संपत्ति के बोर्ड भी लगाए जाएंगे। लोगो को दिक्कतों का सामना ना करना पड़े यही वजह है कि, संबंधित लोगों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की जा रही है।
मूलभूत सुविधाओं से वंचित कालोनियों, आ रही राजस्व सम्बन्धी समस्याएं
नगर पालिका के अनुसार शहर में पिछले कुछ वर्षों में कई कॉलोनियां बिना वैधानिक अनुमति के विकसित हो गई थीं, जिससे मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और राजस्व संबंधी कई समस्याएं सामने आ रही थीं। अब शासन की नई नीति के तहत इन कॉलोनियों को नियमों के दायरे में लाकर वैध किया जाएगा, ताकि नागरिकों को भविष्य में संपत्ति से जुड़े कार्यों में परेशानी न हो और नगर पालिका भी विकास कार्य योजनाबद्ध तरीके से कर सके।
इसी उद्देश्य से विभिन्न कॉलोनियों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज, शुल्क, प्रक्रिया और वैधीकरण से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जा रही है।
नगर पालिका का कहना है कि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी संपत्ति को वैध कराएं। नगर पालिका प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से शहर की अवैध कॉलोनियों का नियमितीकरण होगा, राजस्व में वृद्धि होगी और नागरिकों को भी वैध स्वामित्व का लाभ मिलेगा। साथ ही भविष्य में इन क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास करना भी आसान हो जाएगा।




