Ward Parikrama: पटेल वार्ड में जर्जर पुलिया, नाली-सड़क के लिए तरसे लोग

पार्षद के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखे वार्डवासी

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 18 पटेल वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी से रहवासी परेशान हैं। वार्ड की सबसे बड़ी समस्या वर्षों पुरानी जर्जर पुलिया है, जिसका अब तक पुनर्निर्माण नहीं हो सका। बरसात के मौसम में यह पुलिया लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में सड़क और नालियों का अभाव है, जिससे आवागमन और जल निकासी दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इस वार्ड से भाजपा से रेणुका पवन यादव पार्षद (सभापति) है। लोग वार्ड पार्षद के कामकाज से संतुष्ट नहीं दिखे।

सांझवीर टाइम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान वार्ड में अनेक समस्याएं सामने आईं। हनुमान मंदिर के पास सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद काम पूरा नहीं हो सका है। वहीं कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा छाया रहता है और लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।

जर्जर पुलिया के समीप से गुजरने वाला मुख्य मार्ग भी खस्ताहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और नालियों का निर्माण नहीं होने से बारिश का पानी जमा हो जाता है। पूजा किराना के पास स्थित गली में वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने के कारण रहवासियों को कीचड़ और धूल की समस्या झेलनी पड़ रही है।

वार्ड में पेयजल आपूर्ति को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। रहवासियों का कहना है कि गर्मी के दिनों में पानी की समस्या अधिक बढ़ जाती है और नियमित आपूर्ति नहीं मिल पाती।

नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। वार्डवासियों का कहना है कि विकास कार्यों की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। उनका मानना है कि सड़क, नाली, पुलिया और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाना चाहिए।

क्या कहते हैं वार्डवासी

नाली और सड़क की समस्या बनी हुई है। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से वार्ड में गंदगी फैली रहती है। वार्ड पार्षद द्वारा इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मैंने कई बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।

कुसुम साहू, वार्डवासी

वार्ड में वर्षों से सड़क निर्माण नहीं हो सका है। इससे आवागमन में काफी परेशानी होती है। पिछले एक महीने से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। पार्षद से शिकायत करने के बावजूद सुधार कार्य नहीं कराया गया। रात के समय पूरे क्षेत्र में अंधेरा बना रहता है।

मोहसिन खान, वार्डवासी

वार्ड में नालियों की समस्या गंभीर बनी हुई है। नाली निर्माण नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क निर्माण कार्य भी नहीं हो सका है। पिछले कुछ वर्षों में वार्ड में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुए हैं। शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

योगेंद्र साहू, वार्डवासी

वार्ड में कई प्रकार की समस्याएं हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति नहीं होती। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी फैली रहती है। पुलिया के पास भी कचरे और गंदगी का ढेर लगा रहता है। वार्डवासियों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने वाला कोई नहीं है।

वार्डवासी

कई विकास कार्य हुए, जल्द बनेंगी सड़कें : पार्षद

वार्ड में कई विकास कार्य कराए गए हैं। सड़क और नाली निर्माण के अनेक कार्य पूरे किए जा चुके हैं। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण सड़क निर्माण का कार्य प्रस्तावित है, जिसके टेंडर जारी हो चुके हैं। पुलिया निर्माण के लिए भी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग की समस्या के कारण काम शुरू नहीं हो पाया है। वार्डवासियों की जो भी समस्याएं सामने आती हैं, उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

रेणुका पवन यादव, पार्षद, पटेल वार्ड

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button