Ward Parikrama: नपा अध्यक्ष के वार्ड की बदहाल तस्वीर: सड़कें टूटी, नालियां धंसीं, ड्रेनेज सिस्टम फेल

जनता बोली- अपने वार्ड का नहीं हुआ विकास तो शहर का क्या होगा?

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका की कमान संभालने वाली अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर के वार्ड में ही विकास की तस्वीर बदरंग नजर आ रही है। वार्ड क्रमांक 16 चंद्रशेखर वार्ड में सड़क, नाली और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाली ने नगर पालिका के दावों की पोल खोल दी है। हालात ऐसे हैं कि वार्डवासी रोजाना समस्याओं से जूझने को मजबूर हैं, लेकिन समाधान वर्षों से कागजों से बाहर नहीं निकल पाया।

सांझवीर टाइम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान क्षेत्र में जगह-जगह अव्यवस्थाएं सामने आईं। लिंक रोड से दांतों के दवाखाने तक जाने वाली सड़क लंबे समय से खस्ताहाल पड़ी है। गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं उमप किराना के सामने सड़क और नाली धंसने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक यहां फिसलकर चोटिल हो चुके हैं।

जसूजा के सामने जलभराव की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। बारिश होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है और आवागमन बाधित हो जाता है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यहां वर्षों पहले पुलिया और सड़क निर्माण की आवश्यकता बताई गई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। वार्ड में सबसे गंभीर समस्या ड्रेनेज सिस्टम की है। निवासी व्यास महाराज ने बताया कि बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं होने से घरों में पानी घुसने लगता है। नालियां या तो अधूरी हैं या फिर उनकी क्षमता बेहद कम है, जिससे पूरा इलाका जलभराव की चपेट में आ जाता है।

इसके अलावा कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा और असुरक्षा का माहौल बना रहता है। वार्डवासियों का कहना है कि अध्यक्ष के वार्ड में ही जब मूलभूत सुविधाएं दम तोड़ रही हैं तो शहर के अन्य वार्डों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनावी वादे तो खूब हुए, लेकिन जमीन पर विकास अब भी इंतजार कर रहा है।

क्या कहते हैं वार्डवासी

वार्ड में स्ट्रीट लाइट की समस्या बनी हुई है। बार-बार लाइट खराब हो जाती हैं और छोटे आकार की स्ट्रीट लाइट लगाए जाने से पर्याप्त रोशनी नहीं मिलती, जिससे रात में अंधेरा छाया रहता है। हाल ही में नाली निर्माण कराया गया, लेकिन उसके चैंबर खुले छोड़ दिए गए हैं, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है।

मुन्नालाल दवंडे, वार्डवासी

वार्ड में नालियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। विकास कार्यों के नाम पर केवल लीपापोती की गई है। अतिक्रमण के कारण सड़कें और रास्ते संकरे हो गए हैं, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

आशीष सोलंकी, वार्डवासी

जसूजा किराना के सामने बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या होती है। इस मार्ग पर पुलिया निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका। बारिश के समय सड़क पर पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है।

सोनू ठाकुर, वार्डवासी

वार्ड में सड़क और नाली धंस जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। नगर पालिका अध्यक्ष को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। वार्ड के हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं।

सुधीर उमप, वार्डवासी

सड़क-नाली निर्माण के लिए टेंडर जारी : नपाध्यक्ष

वार्ड में कई विकास कार्य कराए गए हैं। अब तक 7 सीसी सड़कें बनाई जा चुकी हैं तथा 3 सड़कों का डामरीकरण किया गया है। इसके अलावा 5 स्थानों पर नालियों का निर्माण कराया गया है। वार्ड में बिजली पोल की समस्या थी, जिसे विधायक निधि से पोल लगाकर काफी हद तक दूर किया गया है।

वर्तमान में वार्ड की कुछ सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य शेष हैं, जिनके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वार्डवासियों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर करने का प्रयास किया जा रहा है।

पार्वती बाई बारस्कर, अध्यक्ष, नगर पालिका बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button