Betul Samachar: 5 मिनट में भारत भारती से थाना चौक पहुंचा राष्ट्रपति का डमी काफिला, सुरक्षा व्यवस्था की अंतिम रिहर्सल

28 वाहनों का कारकेड 10 किमी का रूट तय कर पहुंचा कार्यक्रम स्थल, 2 हजार सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
Betul Samachar: बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बैतूल आगमन को लेकर बुधवार को पुलिस और प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की अंतिम रिहर्सल की। मिलानपुर स्थित हेलीपेड से लेकर लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम तक राष्ट्रपति के संभावित मार्ग पर डमी कारकेड का संचालन किया गया। लगभग 28 वाहनों के इस काफिले ने निर्धारित रूट पर सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों, यातायात नियंत्रण और प्रतिक्रिया समय का परीक्षण किया।
रिहर्सल के दौरान हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल तक करीब 10 किमी लंबे मार्ग को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में रखा गया। प्रशासन ने काफिले के गुजरने से लगभग 10 मिनट पहले ही मार्ग को आम यातायात के लिए बंद कर दिया था। भारत भारती क्षेत्र से थाना चौक तक का रास्ता डमी कारकेड ने महज 5 मिनट में तय कर लिया, जबकि पूरे मार्ग को 15 से 20 मिनट के भीतर पूरा किया गया। इस दौरान मार्ग पर कहीं भी बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की विशेष तैनाती की गई थी।
शहर के प्रमुख मार्गों पर लगाया सुरक्षा घेरा
रिहर्सल के दौरान कारकेड सोनाघाटी, चक्कर रोड, थाना चौक, गणेश चौक, परशुराम चौक और एसपी चौराहे से होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचा। मुख्य मार्गों से जुड़ने वाली सभी सड़कों और गलियों पर बैरिकेड लगाकर अस्थायी रूप से यातायात रोक दिया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने प्रत्येक चौराहे और संवेदनशील स्थानों पर तैनाती कर यह सुनिश्चित किया कि काफिला बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य तक पहुंचे।
राष्ट्रपति की सुरक्षा में रहेगा दो हजार जवानों का बल
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति के दौरे के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, पुलिस, विशेष सुरक्षा दल और प्रशासनिक अमले सहित लगभग दो हजार अधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है और प्रत्येक बिंदु पर सूक्ष्म स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
राष्ट्रपति की रवानगी तक बंद रहेगा नागपुर हाईवे
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मिलानपुर में बनाए गए हेलीपेड से ही राष्ट्रपति का आगमन और प्रस्थान होना है। इसी कारण बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को राष्ट्रपति के कार्यक्रम और रवानगी तक नियंत्रित अथवा बंद रखा जाएगा। इस दौरान नागपुर मार्ग से संचालित होने वाली यात्री बसों का संचालन भी प्रभावित रहेगा। यात्री वाहनों और अन्य परिवहन साधनों के लिए चिचोली मार्ग को वैकल्पिक रूट के रूप में खुला रखा जाएगा। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




