Ward Parikrama: आजाद वार्ड में सड़क, नाली का अभाव, गंदगी का अंबार

मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे वार्डवासी
Ward Parikrama: बैतूल। शहर के मध्य स्थित वार्ड क्रमांक 8 आजाद वार्ड में रहने वाले लोग आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सड़क, नाली, साफ-सफाई और पेयजल जैसी आवश्यक समस्याओं से वार्डवासी लंबे समय से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
सांझवीर टाइम्स की टीम ने वार्ड का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड की कई गलियों में सड़क निर्माण अधूरा या पूरी तरह से नदारद मिला। कहीं कच्चे मार्ग हैं तो कहीं उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर होने की आशंका है।
वार्ड में नालियों का अभाव भी एक बड़ी समस्या बनकर सामने आया है। कई स्थानों पर गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा रहता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं दिखाई दी। जगह-जगह कचरे के ढेर और फैली गंदगी से वार्ड की तस्वीर खराब हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण की समस्या बनी रहती है।
पेयजल संकट भी वार्डवासियों की प्रमुख चिंताओं में शामिल है। लोगों का आरोप है कि पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है। दिलचस्प बात यह रही कि वार्ड के कई लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर बताईं, लेकिन नाम और फोटो प्रकाशित करने से बचते नजर आए।
अधिकांश लोगों ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर ही अपनी बात रखी। उनका कहना था कि वे किसी प्रकार के विवाद या व्यक्तिगत परेशानी में नहीं पड़ना चाहते। वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क, नाली, पेयजल और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की ओर गंभीरता से ध्यान देकर जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

क्या कहते है वार्डवासी
वार्ड में कहीं महीनों तक नाली और नालों की सफाई नहीं होने से वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पार्षद को कई बार शिकायत कर चुके है, लेकिन अभी तक कोई एक्शन नहीं दिखा है। नालियों की सफाई ना होने घरों में गंदा पानी घूस जाता है। यह समस्या वर्षों से बनी हुई है।
बाबा भाई, वार्डवासी

वार्ड के पार्षद निर्माण कार्य के स्वयं ही टैंडर ले रहे है। इसीलिए कोई भी इनका विरोध नहीं करता। वार्ड में अतिक्रमण की समस्या बनी है। लोगों ने सड़क तक पक्के अतिक्रमण कर लिये है। इसमें पार्षद की भी भूमिका है। अक्बर किराना के पास पटेल ऑटा चक्की, बाबा पानठेले के पास लोगों ने अवैध अतिक्रमण करके रखे है।, वार्ड में समस्या ही समस्या बनी हुई है। जिसका समाधान करने वाला कोई नहीं है।
अकरम खान (मैक्स), वार्डवासी

आजाद वार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का आभाव है। बारिश के पूर्व नाले की सफाई होना था लेकिन सफाई नहीं हो पाई। बारिश के दिनों में पानी निकासी में दिक्कते आएंगी और इसका खामियाजा वार्ड की जनता को भुगतना पड़ेगा। वार्ड में कई मूलभूत सुविधाएं नदारद है। वार्डपार्षद द्वारा इसका कोई समाधान नहीं किया जा रहा है।
इरशाद खान, वार्डवासी

वार्ड में इन दिनों पानी की सबसे बड़ी समस्या है। 4 से पांच दिन के अंतराल में घर पानी की सप्लाई हो रही है। वार्डवासियों को भीषण जल संकट से जुझना पड़ रहा है। पार्षद को वार्डवासियों की कोई चिंता नहीं है। वार्ड में सड़के नहीं बनने के कारण बारिश के समय सबसे बड़ी परेशानी होती है। पूरे वार्ड की बदहाल स्थिति बनी है।
फरजाद पटेल
वार्ड में कोई समस्या नहीं : पार्षद
वार्ड में मेरे द्वारा कई काम किए जिसें सड़क, नाली सहित अन्य कई कामकाज शामिल है। छोटी-मोटी समस्याओं के अलावा कोई बड़ी समस्या नहीं है। नगर पालिका से वार्ड में विकास कार्यों से लेकर अच्छा सहयोग मिला है। इसीलिए कामकाज भी बेहतर हुए है। कुछ जगह सड़क नहीं बनी है उन सड़कों के भी टैंडर हो गए है, जल्द ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करेंगे।
कदीर खान, पार्षद आजाद वार्ड
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com





