Betul Atikraman: सुबह सड़क की हुई मार्किंग, दो दिन बाद फिर सड़क पर अतिक्रमण
व्यवस्था बनाने मैदान में नपा का अमला, व्यवस्था बनाकर बनाएंगे सड़क

Betul Atikraman : बैतूल। बसस्टैंड से लल्ली चौक तक तपती धूप में खड़े होकर जैसे-तैसे नपा, पुलिस और प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया ही था कि दूसरे दिन सुबह से ही सड़क पर फिर दुकानें लगना शुरू हो गई। अतिक्रमण हटाने के बाद जनता सोच रही थी कि अब सड़क का काम शुरू हो जाएगा, लेकिन शनिवार पाल पर्दे बांधकर फिर अतिक्रमण शुरू कर दिया गया। हालांकि शनिवार सुबह सड़क पर सेंट्रल लाइन की मार्किंग की गई है।
बताया जा रहा है कि डिवाडर और सड़क का काम एक साथ किया जाएगा। इधर बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम भी पिछले दो माह से पेंडिंग पड़ा हुआ था। नपा ने शनिवार शिफ्टिंग के लिए परमिट लिया था, लेकिन बिजली कम्पनी ने इसे बढ़ाकर मंगलवार कर दिया गया है।
सड़क निर्माण में अतिक्रमण और ट्रेफिक सबसे बड़ी बाधा
बसस्टैंड से लल्ली चौक तक नपा को टू लेन सड़क का निर्माण कराना है। सड़क के एक तरफ बिजली लाइन की शिफ्टिंग पूर्ण भी हो चुकी है। बस स्टैंड से लेकर लल्ली चौक दोनो तरफ नए पोल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन पुराने पोल लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करना अभी बाकी है। यदि बिजली कम्पनी आज परमिट कैंसिल नहीं करती तो यह काम पूर्ण हो जाता।
नपा एई नीरज धुर्वे ने बताया कि सड़क निर्माण में सबसे बड़ी समस्या अतिक्रमण और ट्रेफिक की आ रही है। अतिक्रमण हाल ही में हटाया गया है। इसके बाद सड़क के बीच डिवाइडर बनाए जाने के लिए शनिवार सुबह से ही अमला लगा हुआ है। यहां पर मार्किंग भी कर दी है। प्रयास हैं कि डिवाइडर बनाकर एक तरफ ट्रेफिक डायवर्ट कर दूसरे तरफ की सड़क कम्प्लीट की जाएगी। इसके बाद ट्रेफिक दूसरी तरफ डायवर्ट कर इसके बाजू की सड़क का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिजली लाईन, पुराने पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के लिए शनिवार बिजली कम्पनी से परमिट लिया था, किंतु किसी कारणवश कम्पनी ने इसे रद्द कर मंगलवार का परमिट दिया है। प्रयास पूरे किए जा रहे हैं कि आगामी दो सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कर दिया जाएगा, लेकिन नपा से आम लोगों को काफी उम्मीदें हैं कि जल्द सड़क का निर्माण कर दिया जाए तो उन्हें सपाट सड़क और ट्रेफिक की समस्या से मुक्ति मिल पाएगी।
इनका कहना…
डिवाइडर बनाने मार्किंग की गई है। प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण का काम पूर्ण कर लिया जाएगा।
नीरज धुर्वे, एई नपा , बैतूल




