Betul Bus Stand: बस स्टैंड शिफ्टिंग के खिलाफ व्यापारियों में आक्रोश बोले- फैसला हुआ तो ठप पड़ जाएगा कारोबार

व्यापारियों ने शुरू किया जनसमर्थन अभियान, विधायक से जल्द करेंगे मुलाकात
Betul Bus Stand: बैतूल। शहर के प्रमुख कोठीबाजार बस स्टैंड को सदर बैल बाजार में स्थानांतरित करने की संभावित योजना का विरोध शुरू हो गया है। बस स्टैंड से जुड़े व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बस स्टैंड को वर्तमान स्थान से हटाया गया तो न केवल सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी, बल्कि शहर की व्यापारिक गतिविधियों और आम नागरिकों की सुविधाओं पर भी गंभीर असर पड़ेगा।
इसी मुद्दे को लेकर व्यापारियों ने एकजुट होकर जनप्रतिनिधियों से संपर्क शुरू कर दिया है। बस स्टैंड क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट, किराना, चाय-नाश्ता, स्टेशनरी और अन्य छोटे-बड़े व्यवसाय संचालित होते हैं। व्यापारियों का कहना है कि बस स्टैंड की वजह से यहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे व्यापार चलता है।
यदि बस स्टैंड को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया तो करीब 150 से अधिक व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। उनका मानना है कि वर्षों से विकसित हुआ व्यापारिक केंद्र एक झटके में प्रभावित हो जाएगा।
न्यायालय, कलेक्ट्रेट और शिक्षण संस्थानों की निकटता बड़ी सुविधा
व्यापारियों का तर्क है कि वर्तमान बस स्टैंड शहर के सबसे सुविधाजनक स्थान पर स्थित है। इसके आसपास जिला न्यायालय, कलेक्ट्रेट, विभिन्न सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज मौजूद हैं। जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले लोग बस से उतरकर आसानी से अपने कार्यस्थलों तक पहुंच जाते हैं। बस स्टैंड के स्थानांतरण से नागरिकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होगी।
सदर बैल बाजार में जगह और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
होटल व्यवसायी अजाब राव झरबड़े ने बताया कि सदर बैल बाजार क्षेत्र में बस स्टैंड संचालन को लेकर पर्याप्त स्थान और यातायात व्यवस्था को लेकर कई प्रश्न हैं। उनका कहना है कि वर्तमान बस स्टैंड शहर के मध्य में स्थित होने के कारण सबसे उपयुक्त है। नई जगह पर यात्रियों और बस संचालकों दोनों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
विधायक से करेंगे मुलाकात
व्यापारियों ने बताया कि बस स्टैंड को यथावत बनाए रखने के लिए क्षेत्र के सभी व्यवसायियों से संपर्क किया जा रहा है। आने वाले दिनों में कोठीबाजार और बस स्टैंड क्षेत्र के व्यापारी विधायक हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। उनका कहना है कि यह केवल व्यापार का नहीं, बल्कि पूरे शहर की सुविधा और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए बस स्टैंड को वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखा जाना चाहिए।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




