Ward Parikrama: मालवीय वार्ड में मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह नदारद

सफाई व्यवस्था बदहाल, झूलते बिजली तार और नालियों की कमी से रहवासी परेशान
Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-4 मालवीय वार्ड में विकास के दावों के बीच मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। साफ-सफाई की अव्यवस्था, नालियों का अभाव और झूलते बिजली के तारों से वार्डवासी रोजाना जूझ रहे हैं। वार्ड परिक्रमा अभियान के तहत क्षेत्र का जायजा लेने पर कई समस्याएं सामने आईं, जिनके समाधान की मांग लंबे समय से की जा रही है।
रहवासियों का कहना है कि वार्ड में नियमित सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे रहते हैं। खासतौर पर नागदेव मंदिर के आसपास के क्षेत्र में समय पर सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विशेष अवसरों या किसी बड़े नेता के आगमन के समय ही सफाई व्यवस्था सक्रिय नजर आती है, जबकि सामान्य दिनों में स्थिति जस की तस बनी रहती है। पटेल स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग पर नालियों की मरम्मत नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर बहता रहता है। कई स्थानों पर नाली नहीं होने के कारण जल निकासी की समस्या बनी हुई है, जिससे बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं।

लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। वार्ड में झूलते बिजली के तार भी दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहे हैं। कई विद्युत पोलों से तार काफी नीचे लटक रहे हैं, इससे बड़े वाहनों की आवाजाही के दौरान तारों के टकराने की स्थिति बनती है। रहवासियों का कहना है कि यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था इतनी कमजोर है कि कई बार उन्हें स्वयं अपने खर्च पर सफाई करवानी पड़ती है। भाजपा की पार्षद, नगरपालिका अध्यक्ष और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद विकास कार्यों की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच पाई है। इससे वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ रही है और वे मूलभूत सुविधाओं के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं।

क्या कहते हैं वार्डवासी
वार्ड में साफ सफाई का आभाव साफ नजर आता है। जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा रहता है। इससे बीमारी फैलने का डर भी बना रहता है। लंबे समय तक वार्ड में कोई सफाई अमला झाक कर नहंी देखता है। चौक चौराहे की स्ट्रीट लाइट अधिकतर समय बंद रहती है। आवागमन में लोगों को परेशानी होती है। वार्ड की समस्या को सुनने और देखने वाला कोई नहीं है। वार्ड में बनी नालियों की सफाई तक नहीं होती है।
जितेंद्र पवार, वार्डवासी

वार्ड में नाली की लंबे समय से समस्या बनी है। कई बार वार्ड के पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं होता है। नाली सफाई के लिए कई बार शिकायत भी हो चुकी है, लेकिन निराकरण कुछ नहीं होता है। बारिश के समय पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर पानी थमता है। पानी थमने से गंदगी का अंबार लगता है।
सुरेंद्र ठाकुर, वार्डवासी

वार्ड में अच्छे से नाली का निर्माण नहंी हो सका है। नाली टूट फूट गई है। कुछ स्थानों पर नाली है भी तो उसकी सफाई का काम नहीं होता है। मैंने स्वंय के पैसों से कई बार नाली की साफ सफाई करवाई है। नाली में कचरा होने से पानी की निकासी नहीं होती है और घरों के आसपास पानी थमा रहता है। वार्ड पार्षद से शिकायत की, लेकिन पार्षद के एक भी बार मौके पर समस्या देखने नहीं आई।
सुनीता बारमासे, वार्डवाासी

वार्ड में सड़क नहीं होने के कारण परेशानी होती है। खासतौर पर बारिश के समय कीचढ़ होने के कारण आवागमन में बेहद मुश्किल हो जाता है। वार्ड में नाली की सफाई नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है। साफ सफाई के अभाव और सड़क को लेकर जनसुनवाई में भी कई बार शिकायत कर चुके हैं पर समस्या का समाधान नहीं हो सका है। वार्डवासियों को कई प्रकार की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
प्रीति साकरे, वार्डवासी

क्या कहते हैं वार्ड पार्षद
सड़क और नालियों का किया निर्माण: पार्षद
मालवीय वार्ड में पिछले एक साल के भीतर क्या कामकाज हुए, इस संबंध में वार्ड पार्षद कायम कावरे से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि जब से वे पार्षद बनी है। तब से वार्ड में कई स्थानों पर पक्की सड़कों का निर्माण किया है, नालियों का निर्माण किया है। साफ-सफाई की व्यवस्था पर पूरा फोकस रखा जा रहा है। जहां पर भी वार्डवासियों की नाली और सड़क की समस्या है, उनका भी जल्द समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ड में अभी कई स्थानों पर सड़क और नालियों का निर्माण होना है, इसके टेंडर भी हो चुके हैं। वार्ड में विकास कार्यों को लेकर कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
कायम कावरे, पार्षद, मालवीय वार्ड
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




