Betul Samachar: 53 लाख की ड्रेनेज परियोजना पर सवाल: चेम्बर कम, कचरा ज्यादा

सफाई के दौरान ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस का खतरा
Betul Samachar: बैतूल। नगर पालिका द्वारा लगभग 53 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे ड्रेनेज निर्माण में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। तय मानकों के अनुसार 400 मीटर लंबे ड्रेनेज में हर 30 फीट पर चेम्बर बनाए जाने थे, लेकिन आरोप है कि जहां 13 से 14 चेम्बर बनने चाहिए थे, वहां केवल 7 चेम्बर ही बनाए गए। इसके बावजूद नपा अधिकारियों ने ठेकेदार को लगभग 16 लाख का भुगतान कर दिया, जिससे निर्माण कार्य और भुगतान प्रक्रिया दोनों सवालों के घेरे में आ गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्रेनेज का निर्माण गुणवत्ताहीन होने के साथ-साथ इसकी नियमित सफाई की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। नतीजतन, ड्रेनेज कचरे से भर गया है और नगर पालिका की ओर से सफाई नहीं होने पर नागरिकों को स्वयं इसकी सफाई की जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ड्रेनेज में पर्याप्त संख्या में चेम्बर नहीं होने से सफाई कार्य बेहद जोखिमभरा हो सकता है। यदि किसी सफाईकर्मी या नागरिक को लंबी दूरी तक ड्रेनेज के भीतर जाना पड़े और इस दौरान जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी जैसी स्थिति बन जाए, तो बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे मामलों में सीवर और ड्रेनेज की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य माना जाता है।
अधिकारियों ने सामने खड़े होकर दी लापरवाही की खुली छूट
स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि निर्माण के दौरान नगर पालिका के इंजीनियरों और अधिकारियों ने इस गंभीर कमी को क्यों नजरअंदाज किया। यदि भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किस अधिकारी या ठेकेदार की होगी, ड्रेनेज के भीतर अभी तक सफाई नहीं कि जा सकी है। कचरा अंदर ही सड़ रहा है।
हालात ये हैं कि लोगो को खुद ही सफाई की जिम्मेदारी संभालना पड़ रहा है। नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा ड्रेनेज निर्माण को अनुबंध और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा कराने की मांग की है। साथ ही सफाई व्यवस्था को नियमित और सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




