Ward Parikrama: मंत्री के वार्ड में विकास बेपटरी, सड़क-नाली के लिए भटक रहे लोग

दावों और हकीकत में बड़ा फासला, रहवासियों ने कहा- चुनाव बाद नहीं दिखे पार्षद

Ward Parikrama: बैतूल। केंद्र सरकार में राज्य मंत्री और बैतूल सांसद दुर्गादास उईके के दुर्गा वार्ड की तस्वीर विकास के तमाम दावों पर सवाल खड़े कर रही है। जिस वार्ड को जिले का सबसे बेहतर और सुविधायुक्त क्षेत्र होना चाहिए था, वहां के लोग आज भी टूटी सड़कों, बदहाल नालियों और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि वार्ड में प्रवेश करते ही विकास कार्यों की वास्तविकता सामने आ जाती है।

वार्ड परिक्रमा के दौरान सांझवीर टाइम्स की टीम ने जब दुर्गा वार्ड का जायजा लिया तो रहवासियों की नाराजगी खुलकर सामने आई। लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क और नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं। कई गलियों में आज भी कच्चे रास्ते हैं, जिन पर बारिश के दिनों में चलना मुश्किल हो जाता है। पानी भरने से कीचड़ और गंदगी फैलती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।

रहवासियों ने बताया कि वार्ड के भाजपा पार्षद संतोष भलावी ने चुनाव के दौरान विकास के बड़े-बड़े वादे किए थे। लोगों को उम्मीद थी कि वार्ड की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा, लेकिन चुनाव जीतने के बाद स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आया। शिकायतों और मांगों के बावजूद सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य अधूरे पड़े हैं। कई स्थानों पर नालियां टूटी हुई हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है और बीमारियों का खतरा बना रहता है।

वार्ड के कुछ हिस्सों में बिजली व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। रहवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिलता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब केंद्रीय राज्य मंत्री के वार्ड में ही मूलभूत सुविधाओं का यह हाल है, तो शहर के अन्य वार्डों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

विकास के दावे करने वाले जनप्रतिनिधियों के लिए दुर्गा वार्ड की बदहाल तस्वीर किसी आईने से कम नहीं है। अब वार्डवासी स्पष्ट कह रहे हैं कि उन्हें भाषण और वादे नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए। यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में जनाक्रोश और अधिक बढ़ सकता है।

क्या कहते हंै वार्डवासी

वार्ड में नाली की समस्या बनी हुई है। कई बार पार्षद से भी इसकी शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। वार्ड में घर तक बिजली के पोल नहीं पहुंचे है, दूर से तार डालकर लाईन घर तक लाना पड़ा है। कई दिनों से यह समस्या है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। कई बार शिकायते हुई लेकिन शिकायतों हमेशा ही अनसुना किया है।

ओमप्रकाश धोटे, वार्डवासी

सड़क-नाली की समस्या कई दिनों से बनी है घरों से निकलने वाले गंधे पानी की निकाली के लिए नालियां नहीं बन पाई, जिससे गंदगी फेल रही है। सड़क का निर्माण नहीं हो सका। बारिश के समस्य कीचड़ होने से आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पार्षद से शिकायत के बाद केवल आश्वासन मिला है, लेकिन समस्याएं दूर नहीं हो सकी।

नीलम तिवारी, वार्डवासी

वार्ड में सड़क की समस्या बनी है। सड़क निर्माण के लिए कई बार गिट्टी डाली गई लेकिन कुछ ही महीने में गिट्टी गायब हो गई और सड़क का निर्माण नहीं हो सका। जब भी सड़क के संबंध में शिकायते हुई, दो बार गिट्टी लाकर डाल चुके है, लेकिन सड़क नहीं बन पाई है। बारिश के दिनों में सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है।

सीताराम यादव, वार्डवासी

 

वार्ड में सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने से बारिश के समय घरों में बारिश का पानी घूस जाता है। कई बार सड़क बनाने के लिए गुहार लगाई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। बिजली पोल के लिए भी कई बार आवेदन किए, लेकिन आज तक घर के पास बिजली पोल नहीं लग पाया है। दूर से तार डालकर घर तक बिजली लानी पड़ी।

रामाबाई उईके, वार्डवासी

नगर पालिका की दयनीय स्थिति : पार्षद

दुर्गावार्ड में पिछले एक साल के भीतर क्या काम हुए इस संबंध में पार्षद संतोष भलावी से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि वार्ड में पानी की टंकी का निर्माण किया गया, संजीवनी क्लीनिक बनाया, 50 लाख की सीमेंट की सड़क बनाई, इसके अलावा दो अन्य छोटी-छोटी सड़कों का निर्माण कार्य किया। नगर पालिका की दयनीय स्थिति होने के कारण जो विकास कार्य तेजी से होना था वह नहीं हो पाया। मैं जब पार्षद बना था तब वार्ड की स्थिति और खराब थी, मेरे द्वारा वार्ड की समस्याओं को देखते हुए काम किया जा रहा है।

संतोष भलावी, पार्षद दुर्गावार्ड

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button