Betul Hospital News: अस्पताल की लिफ्ट में पंखे बंद, गर्मी में परेशान मरीज और परिजन

जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल, प्रबंधन ने जल्द सुधार का दिया भरोसा
Betul Hospital News: बैतूल।। भीषण गर्मी के बीच जिला अस्पताल की लिफ्ट में लगे पंखे बंद पड़े होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की ऊपरी मंजिलों तक गंभीर मरीजों को ले जाने के लिए उपयोग में आने वाली लिफ्ट में हवा की व्यवस्था ठप होने से कुछ मिनट का सफर भी लोगों के लिए मुश्किल बन गया है। गर्मी और उमस के कारण लिफ्ट के अंदर दम घुटने जैसी स्थिति पैदा हो रही है, जिससे मरीजों की हालत और बिगड़ने का खतरा बना हुआ है।
जिला अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें कई मरीज ऐसे होते हैं जिन्हें स्ट्रेचर या व्हीलचेयर के माध्यम से एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक ले जाना पड़ता है। ऐसे में लिफ्ट ही एकमात्र सहारा होती है। परिजनों का कहना है कि लिफ्ट का दरवाजा बंद होते ही अंदर तेज गर्मी महसूस होने लगती है और हवा नहीं मिलने से बेचैनी बढ़ जाती है। खासतौर पर बुजुर्ग, बच्चे और गंभीर मरीजों के लिए यह स्थिति अधिक परेशानी पैदा कर रही है।

लंबे समय से बंद पड़े हैं पंखे
सूत्रों के मुताबिक लिफ्ट में लगे पंखे कई दिनों से बंद पड़े हुए हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद प्रबंधन की लापरवाही समझ से परे है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा भी हो सकता है।
प्रबंधन ने दिए सर्विसिंग के निर्देश
मामले के संज्ञान में आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लिफ्ट की सर्विसिंग कराने की बात कही है। प्रबंधन का कहना है कि तकनीकी टीम को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और एक-दो दिन के भीतर लिफ्ट के पंखों को दुरुस्त कर व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी। हालांकि मरीजों और परिजनों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान जल्द होना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी परेशानी दोबारा न हो।
इनका कहना…
लिफ्ट की सर्विसिंग के निर्देश पहले ही दे दिए हैं। आज या कल में सर्विसिंग के साथ ही पंखे शुरू करवा दिए जाएंगे।
डॉ जगदीश घोरे सिविल सर्जन जिला अस्पताल बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




