Betul Samachar: 6 सेंटीमीटर लंबा मछली का कांटा गले से 40 मिनट की एंडोस्कोपी में सुरक्षित निकाला

बैतूल में ईएनटी डॉक्टर ने बिना बेहोश किए निकाला गले से गहरा फंसा कांटा
Betul Samachar: बैतूल। एक 48 वर्षीय व्यक्ति की सूझबूझ और डॉक्टर की त्वरित कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना टल गई। मछली खाते समय उनके गले में करीब 6 सेंटीमीटर लंबा नुकीला कांटा फंस गया, जो गले के बेहद संवेदनशील हिस्से एपिग्लॉटिस तक पहुंच गया था। इससे मरीज को निगलने में तेज दर्द और गंभीर परेशानी होने लगी।
जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार की रात की है, जब भोजन के दौरान मछली का कांटा अचानक गले में फंस गया। शुरुआत में मरीज ने इसे सामान्य समझा, लेकिन दर्द बढ़ने और असहनीय तकलीफ होने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. ऋषि माहोर ने एंडोस्कोपी के जरिए स्थिति का परीक्षण किया।
जांच में पाया गया कि लंबा और नुकीला कांटा एपिग्लॉटिस के पास गहराई में फंसा हुआ है, जो अत्यंत संवेदनशील हिस्सा होता है और सांस लेने तथा निगलने की प्रक्रिया से जुड़ा होता है। इसके बाद बुधवार शाम को डॉक्टर ने दूरबीन पद्धति (एंडोस्कोपिक तकनीक) से बिना मरीज को बेहोश किए लगभग 40 मिनट तक सावधानीपूर्वक प्रक्रिया की और सफलतापूर्वक कांटा बाहर निकाल दिया।
इस दौरान मरीज को किसी तरह की गंभीर परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। डॉक्टरों के अनुसार यदि यह कांटा और समय तक गले में फंसा रहता तो गंभीर संक्रमण, अंदरूनी घाव या सूजन जैसी जटिल स्थिति पैदा हो सकती थी, जिससे सांस लेने में भी खतरा हो सकता था। समय पर इलाज से मरीज की जान बच गई। उपचार के बाद मरीज की हालत पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
संक्रमण से बचाव के लिए उसे एंटीबायोटिक दवाएं दी गई हैं और कुछ दिनों तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डॉ. ऋषि माहोर इससे पहले भी एक जटिल मामले में चर्चा में आ चुके हैं, जब उन्होंने एक मरीज की नाक से कीड़े निकालकर सफल उपचार किया था। अब गले से बिना बेहोश किए इतना बड़ा कांटा निकालने का मामला भी चिकित्सा जगत में सराहना का विषय बना हुआ है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




