Hanuman Jayanti 2026: हनुमान जयंती पर बैतूल में कड़े ट्रैफिक नियम लागू, गंज क्षेत्र रहेगा ‘नो व्हीकल-नो पार्किंग जोन’

Hanuman Jayanti 2026: बैतूल।। कल 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जिलेभर में निकलने वाली रथ यात्रा, शोभायात्रा, जुलूस और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और शहर में सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना यातायात द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है।
सबसे अहम निर्णय के तहत गंज क्षेत्र को शाम 4:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक पूर्णत: नो व्हीकल और नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
कोठी बाजार से निकलने वाली रथ यात्रा के दौरान भारी, मध्यम और ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध आंबेडकर चौक से कॉलेज चौक, बस स्टैंड से फांसी खदान पानी टंकी मार्ग और राजा भोज चौक से कंट्रोल रूम चौक होते हुए गंज जाने वाले मार्ग पर लागू रहेगा। गंज के प्रमुख मार्गों जैसे सदर ओवरब्रिज से आबकारी चौक, गुप्ता मॉल से दिलवाहर चौक, बाबू चौक से तांगा स्टैंड और आभाश्री होटल से आबकारी चौक तक किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करना या ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
कई जगहों से रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट
शाम 4 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों माचना ब्रिज, भगत सिंह चौक, कॉलेज चौक, गुप्ता मॉल, आभाश्री होटल, बाबू चौक और हाउसिंग बोर्ड मार्ग से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा, ताकि जुलूस मार्गों पर भीड़ और अव्यवस्था न हो।
गंज बस स्टैंड तक जाने वाली यात्री बसें केवल भगत सिंह चौक तक ही संचालित रहेंगी। वहीं रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए है।
प्लेटफॉर्म नंबर 1 के लिए गुरुद्वारा रोड होकर मार्ग तय किया गया है।
प्लेटफॉर्म नंबर 2 के लिए सदर ओवरब्रिज और रामनगर अंडरब्रिज मार्ग का उपयोग करना होगा।
हरकत में रहेगा यातायात पुलिस का टोइंग वाहन
घोषित नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा पाए जाने पर टोइंग वैन द्वारा हटाया जाएगा। इस दौरान वाहन को किसी प्रकार की क्षति होने पर वाहन स्वामी स्वयं जिम्मेदार होगा। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और सहयोग करें, ताकि हनुमान जयंती का पर्व शांति, सुरक्षा और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




