Betul Ki Khabar: शादी की रस्मों में घुल रहा जहर

बाजार में बिक रही मिलावटी हल्दी और मेहंदी से बिगड़ रही लोगों की सेहत
Betul Ki Khabar: बैतूल। विवाह जैसे खुशियों भरे आयोजनों में अब मिलावटी सामान लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। बाजार में बिक रही सस्ती और खुली हल्दी तथा मेहंदी लोगों के लिए खतरे की घंटी बनती जा रही है। खासकर वैवाहिक सीजन में हल्दी और मेहंदी की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर मिलावटखोर धड़ल्ले से नकली और केमिकलयुक्त सामग्री बेच रहे हैं।
इसका असर अब लोगों की त्वचा और स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। बैतूल में भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां शादी की रस्मों के दौरान हल्दी और मेहंदी लगाने के बाद लोगों को एलर्जी और गंभीर रिएक्शन का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार विवाह समारोह में हल्दी की रस्म बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। दूल्हा-दुल्हन के साथ परिवार और रिश्तेदार भी हल्दी व मेहंदी लगाते हैं, लेकिन अब यही रस्में लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। सस्ती और खुली मेहंदी तथा हल्दी में मिलावट कर बाजार में बेचा जा रहा है। इनमें रंग चमकाने और वजन बढ़ाने के लिए हानिकारक केमिकल मिलाए जा रहे हैं, जो त्वचा पर गंभीर दुष्प्रभाव छोड़ रहे हैं।
बैतूल में सामने आए तीन मामले
सिम्स हॉस्पिटल बैतूल के डॉ. श्याम सोनी ने बताया कि पिछले चार से पांच महीनों में तीन से चार मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे थे। मरीजों ने बताया कि शादी समारोह में हल्दी लगाने के बाद त्वचा पर लाल चकत्ते, जलन, खुजली और एलर्जी जैसी समस्याएं हो गई थीं।
हालांकि मरीजों को भर्ती करने की नौबत नहीं आई, लेकिन ओपीडी में उपचार और दवाइयों के बाद ही राहत मिल सकी। डॉक्टरों का कहना है कि मिलावटी हल्दी और मेहंदी में मौजूद केमिकल त्वचा के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकते हैं।
खुली बिकने वाली मेहंदी में मिलावट की संभावना
विशेषज्ञों के मुताबिक बाजार में बिकने वाली खुली और बेहद सस्ती मेहंदी में मिलावट की आशंका सबसे अधिक रहती है। कई दुकानदार कम कीमत में ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए घटिया सामग्री बेच रहे हैं। मिलावटखोरों द्वारा इसमें रंग और रसायन मिलाए जाते हैं, जिससे मेहंदी का रंग तो गहरा दिखता है, लेकिन वह त्वचा को नुकसान पहुंचाती है।
इसी तरह हल्दी में भी कृत्रिम रंग और अन्य पदार्थ मिलाकर उसे चमकदार बनाया जा रहा है। वैवाहिक सीजन में हल्दी और मेहंदी की खपत तेजी से बढ़ती है, ऐसे में प्रशासन और खाद्य विभाग की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। लोगों ने मांग की है कि बाजार में बिक रही खुली हल्दी और मेहंदी की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शादी की खुशियों में मिलावटखोर जहर न घोल सकें।
इनका कहना ….
मेहंदी लगाने के बाद खुजली और एलर्जी के तीन से चार मामले सामने आए है। हल्दी में मिलावट ही होगी यह भी नही कह सकते। कई लोगों की त्वचा को हल्दी सूट नही करती है। जांच के बाद ही मिलावट की बात सामने आएगी।
डॉ. श्याम सोनी, सिम्स हॉस्पिटल बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




