Trenching Ground : ट्रेंचिंग ग्राउंड की शिफ्टिंग सडक़ चौड़ीकरण की देरी पर विधायक नाराज

कलेक्ट्रेट में कलेक्टर और नपा के अधिकारियों के साथ बैठक कर बनाई रणनीति, शीघ्र अमल करने के निर्देश।

Trenching Ground : बैतूल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कढ़ाई में बनने वाले ट्रेंचिंग ग्राउंड की लेटलतीफी और शहर में सडक़ चौड़ीकरण के कार्य में लगातार विलंब होने पर नाराजगी जताई है। शुक्रवार को उन्होंने सुबह कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे की मौजूदगी में नपा के सीएमओ, सब इंजीनियर और अन्य अधिकारियों की एक घंटे तक मैराथन बैठक लेकर शहर विकास और आ रही समस्या को लेकर चर्चा की। उन्होंने सडक़ चौड़ीकरण सहित अतिक्रमण और अन्य मामलों में अधिकारियों को टाइम लाइन के अनुसार काम करने की सख्त हिदायत दी है।

सूत्र बताते हैं कि सुबह दस बजे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल ने नपा अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इस बात की सूचना अलसुबह अधिकारियों को दी गई। कलेक्टर की मौजूदगी में शुरू हुई इस बैठक में शहर विकास और कार्यों के विलंब पर बारी-बारी से मंथन हुआ। बताया जाता है कि शहर में कई कामों की लेटलतीफी पर विधायक खंडेलवाल काफी नाराज दिखे। पूर्व में भी उन्होंने बैठक लेकर अधिकारियों को समय सीमा में काम करने के निर्देश दिए थे, लेकिन काम धरातल पर नहीं उतरने के बाद दोबारा बैठक लेकर उन्होंने अधिकारियों को नसीहत दे डाली। शहर विकास में लापरवाही बरतने पर विधायक के तेवर काफी तीखे बताए जा रहे थे।

ट्रेंचिंग ग्राउंड जमीन विवाद पर लंबी चर्चा

बताया जाता है कि गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड की कढ़ाई में शिफ्टिंग नहीं होने पर विधायक खंडेलवाल काफी नाराज थे। जानकारी सामने आई है कि गौठाना और आसपास के लोग ट्रेंचिंग ग्राउंड की बदबू से काफी परेशान है। इसकी सर्वाधिक शिकायत उनके पास पहुंचने के बाद इस मुद्दे पर उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। कढ़ाई में नए ट्रेंचिंग ग्राउंड को शीघ्र शिफ्ट करने के लिए समय-सीमा तय करने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ नवनीत पांडे ने विधायक को बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए सीमांकन में अधिक परेशानी आ रही है। इस पर उन्होंने कलेक्टर को सीमांकन की प्रक्रिया तेजी से करने के निर्देश दिए। विधायक ने अधिकारियों से कहा है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड के मामले में लगातार शिकायतें आ रही है। इसका निराकरण हर हाल में समय-सीमा में किया जाए।

सडक़ चौड़ीकरण में पेड़ बने बाधा

इस दौरान उन्होंने नपा के अधिकारियों से शहर के आठ चौराहों के सौंदर्यीकरण पर बेवजह लेटलतीफी पर जमकर नाराजगी जताई। केवल कॉलेज चौक पर काम शुरू हो पाया है, शेष सात चौराहों पर काम शुरू न होने पर उन्होंने अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। नपा के अधिकारियों ने विधायक खंडेलवाल को बताया कि पेड़ों और विद्युत पोलों की शिफ्टिंग न होने से काम में विलंब हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पेड़ों को काटने पर पर्यावरणविद आपत्ति जता रहे हैं।

इस पर कलेक्टर सोनवणे ने कहा कि प्लानिंग के साथ पेड़ों को काटकर शिफ्ट कराया जाए। विधायक खंडेलवाल ने इस दौरान सुझाव दिया कि दो एकड़ जमीन उपलब्ध कराकर काटे गए पेड़ों की जगह नए पेड़ लगाए जा सकते हैं। इससे पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होगा। इसके अलावा विद्युत कंपनी के अधिकारियों से तालमेल स्थापित कर पोलों की तत्काल शिफ्टिंग के निर्देश दिए।

अतिक्रमण पर फिर सख्ती, संयुक्त अभियान चलेगा

बैठक में एक बार फिर शहर में बेतरतीब अतिक्रमण के पैर पसराने पर विधायक खंडेलवाल ने सख्त नराजगी जताई। अतिक्रमण करने वालों को नोटिस देने के बाद दोबारा वहीं अतिक्रमण करने पर नाराज विधायक ने सीएमओ को कहा है कि अब हर सप्ताह एक दिन निर्धारित कर पुलिस और राजस्व की टीम के साथ नगरपालिका अतिक्रमण सख्ती से हटाए। यदि दोबारा अतिक्रमण होता है तो संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई के साथ जुर्माना वसूले। शहर के प्रमुख चौराहों के आसपास पांव पसार चुके अतिक्रमण पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ पांडे के अलावा नपा के सहायक यंत्री, उपयंत्री, राजस्व निरीक्षक, उप निरीक्षक मौजदू थे।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button