Betul Samachar: सड़क बने छह माह, स्ट्रीट लाइट के अभाव में अंधेरे में डूबी शहर की खूबसूरती

पेट्रोल पंप चौराहे से लल्ली चौक तक लगनी हैं लाइटें, देरी से बढ़ रहीं समस्याएं
Betul Samachar: बैतूल। शहर की सुंदरता बढ़ाने और नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से पेट्रोल पंप चौराहे से लल्ली चौक तक टू-लेन सड़क का निर्माण तो पूरा कर लिया गया है, लेकिन स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था अब तक अधूरी है।
करीब छह माह बीत जाने के बाद भी डिवाइडरों पर लगाए गए बिजली के पोल केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। लाइटें नहीं लगने से रात के समय पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दिन में यह सड़क व्यवस्थित और आकर्षक नजर आती है, लेकिन रात होते ही यहां अंधेरा छा जाता है। रात 10 बजे तक दुकानों की रोशनी के कारण क्षेत्र कुछ हद तक जगमगाता रहता है, लेकिन इसके बाद हालात बदतर हो जाते हैं। अंधेरे के कारण राहगीरों को सुरक्षा का अभाव महसूस होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
गंभीर बात यह है कि इस अंधेरे का फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। बस स्टैंड के आसपास के क्षेत्र में देर रात नशाखोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। खुलेआम शराब सेवन और गांजा पीते लोगों को आसानी से देखा जा सकता है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कुछ नशेड़ी पास के स्कूल और छात्रावास की बाउंड्रीवाल कूदकर अंदर प्रवेश कर रहे हैं और वहां भी नशाखोरी कर रहे हैं, जिससे छात्रों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से कई बार इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि जब सड़क निर्माण के साथ ही पोल लगाए जा चुके हैं, तो लाइट लगाने में इतनी देरी समझ से परे है।
नागरिकों का मानना है कि यदि जल्द ही इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट चालू कर दी जाएं, तो न केवल असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, बल्कि शहर की सुंदरता भी निखरेगी और आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। अब देखना यह है कि नगर पालिका इस दिशा में कब तक कार्रवाई करती है।
इनका कहना…
मेरे संज्ञान में जानकारी आई है, अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी लेकर सड़क पर रोशनी की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाएगी।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




