Betul Ki Khabar: सालों से बीच सड़क पर मौत बनकर खड़ा ट्रांसफार्मर

खेल एवं युवा कल्याण विभाग रोक रहा विकास का रास्ता, पोल लगाने के लिए नहीं दी अनुमति
Betul Ki Khabar: बैतूल। पेट्रोलपंप चौराहे पर भारी भरकम ट्रांसफार्मर सड़क बनने के बाद कार्नर पर शिफ्ट किया जाना था, लेकिन आज भी ये ट्रांसफार्मर मौत बनकर बीच सड़क पर खड़ा हुआ है। वजह यह बताई जा रही है कि ट्रांसफार्मर के स्ट्रक्चर के दो पोल पीछे बने एस्ट्रोटर्फ की बाउंड्री से लगकर लगाए जाने हैं।
लेकिन खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खतरे की वजह से इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया है। परिणाम यह कि, मामला ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है और अब किसी बड़े हादसे के होने का इंतजार किया जा रहा है।
24 घण्टे लगा रहता है भारी वाहनों का आना जाना
शहर का मुख्य मार्ग होने और बस स्टैंड होने से इस सड़क पर यात्री बसों समेत 24 घण्टे भारी एवं हल्के वाहनो का आना जाना लगा रहता है। सड़क के बीच ट्रांसफार्मर होने से सड़क भी संकरी हो चुकी है। वाहन चालको को काफी संभलकर यहां से निकलना पड़ता है।
थोड़ी सी भी चूक या लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। इत्तफाक से कोई यात्री बस ट्रांसफार्मर से भिड़ जाए तो बड़ी जनहानि होने से कोई रोक नहीं पायेगा। नपा ने यहाँ पूरा स्ट्रक्चर पूर्व में ही खड़ा कर दिया है, लेकिन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अनुमति ना मिलने से काम ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है।
चिंगारी से स्ट्रोटर्फ जलने की अधिकारी दे रहे दलील
बेशक शहर को व्यवस्थित किये जाने के लिए शासन प्रशासन एड़ी चोटी का जोर लगा रहा है लेकिन जनहित को नजरअंदाज कर और दिलचस्पी की कमी के चलते मामले लटके हुए हैं। पोल लगाए जाने को लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की दलील बिना किसी तकनीकी ज्ञान के दी जा रही है।
नपा के अधिकारियों के मुताबिक पोल बाउंड्री वाल से सटकर लगाए जाने हैं। जिससे एस्ट्रोटर्फ की दूरी लगभग 15 फिट है। यदि पोल लगाए जाते हैं तो इससे कोई नुकसान नहीं है, क्योंकि शहर में कई ट्रांसफार्मर मकानों और दुकानो से सटकर लगे हुए हैं लेकिन अभी तक कोई बड़ी घटना घटित नहीं हुई है।
इधर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की दलील है कि भविष्य में यदि ट्रांसफार्मर से चिंगारी आदि निकलती है तो करोड़ो रुपए का टर्फ बर्बाद हो जाएगा इस वजह से नपा को अनुमति नहीं दी जा रही है। कुल मिलाकर दोनो ही विभागों के बीच चल रही तनातनी शहर के विकास को बुरी तरह प्रभावित कर रही है और समस्याएं आम नागरिक भुगत रहा है। इस मसले को अधिकारियों को गम्भीरता से लेने की जरूरत तो है लेकिन जिस तरह से मामला महीनों से ठंडे बस्ते में पड़ा है उससे विकास आगे बढ़े और दिखाई भी दे इसकी गुंजाइश कम ही दिख रही है।
इनका कहना
ट्रंसफार्मर शिफ्ट करने के लिए दो पोल स्ट्रोटर्फ की बाउंड्रीवाल पर लगाये जाने है लेकिन खेल एवं युवा कल्याण विभाग से अनुमति नहीं मिलने से काम रुका हुआ है।
अमित सक्सेना, विद्युत शाखा प्रभारी नपा बैतूल
ट्रांसफार्मर के दो पोल अंदर लगाए जा रहे थे। यदि कभी ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलती है तो करोड़ो का स्ट्रोटर्फ बर्बाद हो जाएगा। इसलिए अनुमति नहीं दी गई है।
पूजा कुरील, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



