Betul News: अव्यवस्थित बाजार पर फिर सख्ती : कल से रोज चलेगा अभियान

अतिक्रमण हटाकर तय जगहों पर शिफ्ट होंगे दुकानदार, अधिकारियों की टीम करेंगी निगरानी
Betul News: बैतूल । शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और मुख्य सडक़ों पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका परिषद ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। सीएमओ नवनीत पाण्डेय की नाराजगी के बाद रविवार से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसके तहत अव्यवस्थित तरीके से लग रही फल, सब्जी और अन्य अस्थायी दुकानों को हटाकर उन्हें निर्धारित स्थलों पर शिफ्ट किया जाएगा। अभियान रोज सुबह 8.30 से 11.00 बजे तक चलेगा।
नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सडक़ किनारे बेतरतीब दुकानें लगने से जाम की स्थिति बन रही थी। खासकर गंज, कोठी बाजार और सदर इलाके में राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इसी को देखते हुए यह अभियान सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।
निगरानी के लिए बनाई गई विशेष टीम
पूरे अभियान की मॉनिटरिंग के लिए राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परले को नोडल अधिकारी और राजस्व उपनिरीक्षक अखिल नीलकंठ राय को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनके साथ राजस्व अमले की अलग-अलग टीमें फील्ड में तैनात रहेंगी, जो रोजाना कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
पहले भी चले अभियान, लेकिन ढीली पड़ी थी कार्रवाई
शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले भी कई बार अभियान चलाए गए, लेकिन कुछ ही दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो गई। इस बार नगर पालिका का दावा है कि नियमित मॉनिटरिंग और तय स्थानों पर शिफ्टिंग के कारण व्यवस्था स्थायी रूप से सुधरेगी।
दुकानदारों से सहयोग की अपील
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी के रोजगार को प्रभावित करने के लिए नहीं, बल्कि शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए की जा रही है। सभी दुकानदारों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट हों और अभियान में सहयोग करें।
आम लोगों को मिलेगी राहत
यदि अभियान प्रभावी तरीके से लागू होता है, तो शहर के प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को भी सुगम आवागमन मिल सकेगा। अब नजर इस बात पर रहेगी कि यह अभियान कितने दिनों तक सख्ती के साथ जारी रहता है और क्या वास्तव में बैतूल की सडक़ों को अतिक्रमण से राहत मिल पाती है।
तीन हिस्सों में बंटा शहर, अलग-अलग स्थान तय
अभियान को व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए शहर को तीन जोन में बांटा गया है। इसके तहत गंज क्षेत्र को परशुराम चौक, कॉलेज रोड, बाबू चौक और नंदी चौक सहित आसपास के इलाकों से अतिक्रमण हटाया जाएगा। यहां के विक्रेताओं को गंज प्राथमिक शाला की खाली जमीन पर स्थानांतरित किया जाएगा।
कोठी बाजार क्षेत्र को गणेश चौक, कमानी गेट, थाना चौक, बस स्टैंड और नगर पालिका गेट क्षेत्र के दुकानदारों को ज्योति टॉकीज के सामने टंकी के पास उपलब्ध जगह पर व्यवस्थित किया जाएगा। इसी तरह सदर क्षेत्र को नेहरू पार्क चौक, कारगिल चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महाजन चौक से हटाए गए विक्रेताओं को सदर बैल बाजार की खाली भूमि पर शिफ्ट किया जाएगा।
इनका कहना…
शहर में बाजार सडक़ों पर लगने की लगातार शिकायते मिल रही है कुछ जगह अतिक्रमण भी हुआ है। व्यवस्था सुचारू करने के लिए राजस्व टीम अभियान चलाकर व्यवस्था बनाएंगी।
नवनीत पाण्डेय, सीएमओ, नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




