Betul News: पान की पीक और गंदगी से सरोबार जिला मुख्यालय का बसस्टैंड

सहायक संचालक-सीएमओ के निरीक्षण में बसस्टैंड पर मिला गंदगी का साम्राज्य
Betul News: बैतूल। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में शनिवार स्वच्छता का त्यौहार अभियान के अंतर्गत शनिवार नगरपालिका परिषद द्वारा कोठीबाजार स्थित बस स्टैंड पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
अभियान में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, स्वच्छता शाखा सभापति कैलाश धोटे, पिंटू परिहार, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, विक्रम वैध सहित पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
भोपाल से पहुंचे बैतूल जिले के स्वच्छता प्रभारी सहायक संचालक सतीश मालवीय ने भी मौके पर पहुंचकर अभियान में सहभागिता की। इस दौरान बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण कर व्यापक साफ-सफाई की गई तथा आगामी तीन दिनों में पूरे क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दीवारों की सफाई, जाले हटाने, शौचालयों की स्थिति सुधारने, रेड स्पॉट हटाने, पूरे परिसर में पोछा लगाने और पीछे के क्षेत्र की जेसीबी मशीन से सफाई व समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए दो पंखे चालू करने, ट्विनबिन लगाने, प्रतीक्षालय से अनावश्यक बैनर-पंपलेट हटाने, पेयजल मशीन को चालू रखने और उसकी नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। शौचालयों में नियमित सफाई और उपयोग का रिकॉर्ड रखने के लिए रजिस्टर मेंटेन करने पर भी जोर दिया गया।

अभियान से समाजसेवियों को जोड़ने की पहल
नगरपालिका ने आगामी चरणों में इस अभियान से अधिक से अधिक समाजसेवियों को जोड़ने की योजना बनाई है। इससे पहले नेहरू पार्क में भी इसी अभियान के तहत व्यापक सफाई की जा चुकी है। वहीं ‘गिलहरी प्रयासÓ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता टीम द्वारा घर-घर जाकर नागरिकों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत नगरीय प्रशासन के निर्देशानुसार सहायक संचालक सतीश मालवीय द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड और सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण भी किया गया तथा सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
दीनदयाल रसोई योजना का निरीक्षण, सीएमओ ने 5 रुपए में किया भोजन
शनिवार को मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने अपने निरीक्षण के दौरान रैन बसेरा और दीनदयाल रसोई योजना का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मजदूरों से चर्चा कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। सीएमओ दीनदयाल रसोई पहुंचे, जहां उन्होंने जरूरतमंदों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं 5 रुपए देकर गरीबों के साथ बैठकर भोजन किया।
उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए संचालन करने वाली टीम की प्रशंसा की। नगरपालिका द्वारा लगातार किए जा रहे इन प्रयासों से शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इसे और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




