Betul Ki Khabar: गेहूं खरीदी की शुरुआत फीकी, पहले दिन दोपहर तक किसान नदारद

आज दो केंद्रों पर खरीदी शुरू, कल से 64 केंद्रों पर होगा संचालन, 18,979 किसानों ने कराया पंजीयन, खुले केंद्रों पर बारिश बनी चिंता
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की बहुप्रतीक्षित शुरुआत गुरुवार को हो गई, लेकिन पहले ही दिन खरीदी केंद्रों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। प्रशासन ने जहां तैयारियों के पूरे दावे किए, वहीं मुलताई और शाहपुर मंडी में शुरू हुई खरीदी के पहले दिन दोपहर तक एक भी किसान अपनी उपज लेकर केंद्र नहीं पहुंचा। अब 10 अप्रैल से जिले के सभी 64 खरीदी केंद्रों पर खरीदी शुरू होने जा रही है, जिससे व्यवस्था की असली परीक्षा होगी।
जिले में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए कुल 18 हजार 979 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रशासन का कहना है कि स्लॉट बुकिंग व्यवस्था लागू होने के कारण किसान निर्धारित समय पर ही उपज लेकर पहुंचेंगे, इसलिए शुरुआती दिन खरीदी धीमी रही।
हालांकि किसानों के बीच अभी भी प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई बताई जा रही है। खरीदी को लेकर प्रशासन ने बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने का दावा किया है।
अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना पहुंचा दिया गया है, ताकि खरीदी के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। किसानों से बार-बार अपील की जा रही है कि वे सूखी और साफ उपज ही लेकर आएं, क्योंकि अधिक नमी वाली फसल की खरीदी नहीं की जाएगी। किसान चाहें तो पहले सैंपल जांच भी करवा सकते हैं।
16 केंद्रों पर खुले में होगी खरीदी
इस बार खरीदी व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव यह भी है कि जिले में बनाए गए 64 खरीदी केंद्रों में से 48 वेयरहाउस में संचालित होंगे, जबकि 16 केंद्र खुले स्थानों पर बनाए गए हैं। यहीं प्रशासन की चिंता भी बढ़ी हुई है, क्योंकि मौसम में लगातार बदलाव और बारिश का दौर जारी है।
यदि बारिश होती है तो खुले केंद्रों पर रखी उपज के भीगने का खतरा बना रहेगा। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि खुले केंद्रों पर तिरपाल और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, लेकिन पिछले वर्षों के अनुभव को देखते हुए समितियों के सामने खरीदी संचालन आसान नहीं माना जा रहा। किसानों का भी कहना है कि बारिश की स्थिति में फसल खराब होने का जोखिम बढ़ जाता है।
गुरुवार को जिला आपूर्ति अधिकारी और नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने विभिन्न खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन का दावा है कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
अब सबकी नजर 10 अप्रैल पर टिकी है, जब जिले के सभी केंद्रों पर खरीदी शुरू होगी। बड़ी संख्या में पंजीकृत किसानों के पहुंचने के साथ ही व्यवस्थाओं की असली तस्वीर सामने आएगी। किसानों को उम्मीद है कि इस बार खरीदी प्रक्रिया बिना परेशानी के पूरी होगी और उन्हें समय पर भुगतान मिल सकेगा।
40 रुपए मिलेगा बोनस
इस बार किसानों को गेहूं खरीदी प्रति क्विंटल 40 रुपए का बोनस राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। समर्थन मूल्य में गेहूं की खरीदी 2585 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से हो रही है। 40 रुपए बोनस के मिलेंगे। किसानों से 2650 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं की खरीदी होगी। इस बार गेहंू खरीदी में रेट बढऩे से किसानों ने भी राहत की सांस ली है। वर्तमान में मंडी में गेहूं के दाम 2300 से 2500 रुपए प्रति क्विंटल है। समर्थन मूल्य में दाम अधिक मिलने से किसानों को फायदा होगा।
26 हजार मीट्रिक टन का टारगेट
समर्थन मूल्य में गेहूं खरीदी के लिए जिले को टारगेट मिला है। जिला आपूर्ति अधिकारी कृष्णा टेकाम ने बताया कि इस बार 26 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का लक्ष्य दिया गया है। इससे अधिक गेहूं की खरीदी होगी।
इस बार बड़ी संख्या में किसानों ने उपज बेचने के लिए पंजीयन किया है। सरकार की तरफ से इस तरह से कोई निर्देश नहीं है कि 26 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीदी नहीं करना है। जितने किसानों ने पंजीयन किया है। सभी से गेहूं की खरीदी की जाएगी।
इनका कहना…..
आज गुरुवार दो मंडी केंद्रों पर समर्थन मूल्य के तहत गेहूं की खरीदी शुरू हुई है। 10 अप्रैल से शेष सभी केंद्रों पर खरीदी शुरू हो जाएगी। सभी केंद्रों पर व्यवस्था बनाई गई है।
केके टेकाम, जिला आपूर्ति अधिकारी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




