Betul News: वर्षों बीते, गंज मंडी में दर्जन भर दुकानदारों पर विस्थापन की मार

नए सीएमओ ने टटोली नब्ज, अब वैकल्पिक व्यवस्था के भरोसे से जागी आस
Betul News: बैतूल। शहर के गंज मंडी क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े मंडी काम्प्लेक्स निर्माण कार्य को गति देने के लिए नगर पालिका ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार सुबह सीएमओ नवनीत पांडे एवं इंजीनियर नगेन्द्र वागद्रे ने मंडी परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां अस्थायी रूप से संचालित हो रही दुकानों को हटाने के निर्देश दिए, जिससे करीब दर्जन भर दुकानदारों में चिंता का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि जिन स्थानों पर वर्तमान में पाल-पर्दे लगाकर व्यवसाय किया जा रहा है, वहीं पक्की दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। ऐसे में निर्माण कार्य शुरू करने के लिए इन अस्थायी दुकानों को हटाना आवश्यक हो गया है। नगर पालिका की इस कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों ने अपनी समस्याएं भी सामने रखी हैं।

अचानक दुकाने हटाने से व्यवसाय प्रभावित होने का डर
व्यवसायी पार्वती अमझरे, आयुष जेधे, सुभाष जैन, सुनील वागद्रे और आकाश विश्वकर्मा सहित अन्य दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023 में दुकानों के आवंटन के लिए प्रति दुकानदार 1 लाख 9 हजार नगर पालिका में जमा किए थे। मंडी के दो हिस्सों में 66 दुकानों का निर्माण अंतिम चरण में है, वहीं अब मंदिर के समीप नए दुकानों के निर्माण की योजना शुरू की जा रही है। जिस स्थान पर निर्माण प्रस्तावित है, वहीं वर्तमान में वे अस्थायी रूप से अपना व्यवसाय चला रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि अचानक दुकानें हटाने के निर्देश मिलने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र में वैकल्पिक जगह मिलना भी मुश्किल है, जिससे उनका व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि वे यह भी मानते हैं कि निर्माण कार्य आवश्यक है, लेकिन इसके लिए उन्हें पर्याप्त समय और व्यवस्था दी जानी चाहिए।

निर्माण के दौरान हर सम्भव मदद का सीएमओ ने दिया भरोसा
इस पूरे मामले में सीएमओ नवनीत पांडेय ने आश्वस्त किया है कि किसी भी दुकानदार के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मंडी काम्प्लेक्स का निर्माण पहले ही काफी समय से लंबित है, इसलिए अब इसे जल्द पूरा करना प्राथमिकता है। जिन स्थानों पर अभी दुकानें संचालित हैं, वहां भी निर्माण किया जाना है, इसलिए अस्थायी दुकानदारों को कुछ समय के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
सीएमओ ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन दुकानदारों ने नगर पालिका में राशि जमा की है, उन्हें निर्माण पूर्ण होते ही प्राथमिकता के आधार पर नई दुकानों का आवंटन कर शिफ्ट कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि गरीब एवं कमजोर वर्ग के दुकानदारों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और उन्हें किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। नगर पालिका ने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील करते कहा है कि निर्माण कार्य में बाधा न डालें, ताकि जल्द से जल्द व्यवस्थित और सुविधायुक्त मंडी काम्प्लेक्स तैयार हो सके।

320 दुकानों का प्रस्ताव, चरणबद्ध निर्माण जारी
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय के मुताबिक उक्त स्थान पर कुल 320 दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव है। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर 142, एक अन्य फ्लोर पर 26, फर्स्ट फ्लोर पर 98 और सेकंड फ्लोर पर 54 दुकानों का निर्माण किया जाना है।
जी और एफ ब्लॉक में निर्माण कार्य प्रगति पर वर्तमान में जी ब्लॉक और एफ ब्लॉक में क्रमश: 66 और 78 दुकानों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया है। आगे की प्रक्रिया को गति देने के लिए जी-2 ब्लॉकÓ में करीब 32 दुकानों के निर्माण हेतु साइट क्लियर कराई जा रही है। इसके लिए आसपास के अतिक्रमण हटाने के निर्देश अतिक्रमण दल को दिए हैं।
सीएमओ ने स्वयं अतिक्रमणकारियों से चर्चा कर उन्हें स्थल खाली करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूर्ण हो चुकी 44 दुकानों में दुकानदारों को जल्द शिफ्ट कराने के लिए राजस्व अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




