Betul News: झूला संचालकों के खिलाफ एफआईआर नहीं होने पर पार्षदों ने जताई नाराज़गी

सीएमओ और मेला प्रभारी से वसूले क्षतिपूर्ति राशि
Betul News: मुलताई। पवित्र नगरी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगे ताप्ती मेले में लगे झुला संचालकों द्वारा किराए के एवज में बकाया राशि अदा नहीं करने के बावजूद झुला संचालकों के खिलाफ
पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज नहीं कराए जाने पर पार्षदों ने नाराजगी जताई। साथ ही किराए के एवज में बकाया 10 लाख रुपए की आज तक वसूली नहीं होने की स्थिति में नपा सीएमओ और मेला प्रभारी से क्षतिपूर्ति राशि वसूलने की मांग की। मंगलवार को नगर पालिका के सभा कक्ष में परिषद की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में नपा अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर,पार्षद डॉ जीए बारस्कर,अजय यादव,महेंद्र जैन, रितेश विश्वकर्मा,सुरेश पौनीकर,शिल्पा शर्मा,कुसुम पवार,उपयंत्री महेश त्रिवेदी, योगेश अनेराव,भागचंद अहिरवार सहित अन्य नपा कर्मी उपस्थित थे।
बैठक में पार्षद अजय यादव और रितेश विश्वकर्मा ने ताप्ती मेले में लगे झूले वालों से बकाया किराया की वसूली में हो रही लापरवाही पर नाराजगी जताई और कहा कि यदि झूला संचालक बकाया किराया अदा नहीं कर रहे हैं तो उनके खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की जाए। नपा अध्यक्ष वर्षा गढेकर ने कहा यदि झूला संचालकों के खिलाफ
एफआईआर दर्ज नहीं होती है तो सीएमओ और मेला प्रभारी से क्षतिपूर्ति राशि वसूली जाएंगी। अधिकारियों की मिली भगत से झुला संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हो रही है।
जलकर की राशि बढ़ाई तो पर्याप्त पानी दो
बैठक में नगर में जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों ने मुद्दा उठाया। पार्षद सुरेश पौनीकर ने कहां वर्तमान में 30 प्रतिशत पानी अवैध रूप से बह रहा है और नगर वासियों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। पटेल वार्ड के पांच कुओं में भरपूर पानी होने के बावजूद जल संकट की स्थिति बनी हुई है। पार्षद अजय यादव का कहना था कि जब जलकर की राशि बढ़ाई गई है तो नगर वासियों को पर्याप्त जल आपूर्ति की सुविधा मिलनी चाहिए। वर्तमान में कई वार्ड में दो से तीन दिन के अंतराल में जलप्रदाय हो रहा है।
दोनों पार्षदों ने नगर में एक दिन के अंतराल में नलों से जल आपूर्ति करने की मांग की। नपा अध्यक्ष वर्षा गढेकर ने उपयंत्री योगेश अनेराव से सवाल किया कि तीन माह पूर्व भगतसिंह वार्ड में मेन पाइप लाइन से जुड़े चार नल कलेक्शन को काटने के लिए कहा था लेकिन आज तक यह नल कलेक्शन काटने की कार्रवाई क्यों नहीं की। इन नल कनेक्शन के कारण वार्ड में कई नागरिकों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। अध्यक्ष सहित पार्षदों का कहना था कि आगामी समय में नगर वासियों को जल संकट का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए विशेष ध्यान दें।
बैठक में वार्षिक बजट किया पारित
परिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026 -27 का बजट पारित किया गया। इस वर्ष बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया।बैठक में नगर के वार्डों में सीसी रोड निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए। मंगलवार को आयोजित बैठक में कांग्रेस के पार्षद अनुपस्थित रहे।




