Betul Samachar: Video: प्रेमिका को बुलाने की जिद में युवक चढ़ा मोबाइल टॉवर पर, घंटों मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा

Betul Samachar: भीमपुर। जनपद पंचायत भीमपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चिखली के समीप ग्राम बवका में रविवार को एक युवक प्रेम प्रसंग के चलते जिओ मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार बवका निवासी संदीप उर्फ मंगल उम्र करीब 28 वर्ष दोपहर बाद सड़क किनारे स्थित जिओ मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा हुआ था। टॉवर पर चढ़े युवक को देखकर आसपास के लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत सचिव द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद भीमपुर तहसीलदार बसंत कुमार बडोनिया, जनपद पंचायत सीईओ भीमपुर नानसिंह चौहान, चौकी प्रभारी मुलायम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने युवक को काफी देर तक समझाइश दी।
इस दौरान टॉवर पर कार्य कर रहे मजदूरों ने भी युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन युवक लगातार अपनी मांग पर अड़ा रहा। करीब कई घंटों की मशक्कत और समझाइश के बाद प्रशासन एवं पुलिस टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
घटना के बाद अधिकारियों ने युवक को समझाइश देते हुए भविष्य में इस प्रकार का कदम नहीं उठाने की सलाह दी। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से एक बड़ी घटना टल गई।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




