Betul Ki Khabar: समन्वय से सुदृढ़ होगी कानून व्यवस्था

कलेक्टर, त्योहारों को लेकर पुलिस-राजस्व की संयुक्त तैयारी
Betul Ki Khabar: बैतूल। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने पुलिस और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समन्वय बैठक में जिले के सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सूर्यवंशी ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा और निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत सहायता और बेहतर उपचार कराया जाए।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग को नगरपालिका के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने, दमकल और एम्बुलेंस सेवाओं को सुचारू रखने तथा विभिन्न अनुमति प्रक्रियाओं को निर्धारित प्रारूप में समय पर जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और इनके वितरण व मूल्य पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और राजस्व के बेहतर तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारी पूरी सतर्कता बरतें और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करें।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से नरवाई आगजनी की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने, नगरपालिका के साथ समन्वय कर आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




