Betul Samachar: सभी के सहयोग से करेंगे शहर का विकास

नए सीएमओ पांडे ने पदभार ग्रहण कर कर्मचारियों की ली बैठक
Betul Samachar: बैतूल। जिला मुख्यालय की नगरपालिका के नए सीएमओ नवनीत पांडे ने गुरुवार दोपहर शुभ मुर्हूत में प्रभारी सीएमओ और एसडीएम डॉ अभिजीत सिंह से पदभार लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने नपा के सभी अधिकारियों और शाखा प्रभारियों की मैराथन बैठक लेकर जनप्रतिनिधियों के सुझाव वाले शहर के विकास के कार्यों को प्राथमिकता से करने का लक्ष्य दे दिया है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को कहा है कि शहर विकास में सभी का सहयोग लेकर टीम वर्क के साथ काम करना है। इस दौरान उन्होंने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय भी प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से भी मुलाकात की।
पदभार ग्रहण करने के बाद चुनिंदा पत्रकारों से चर्चा में नए सीएमओ पांडे ने कहा कि बैतूल बड़ी नगरपालिका है, यहां पर प्लानिंग कर काम को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले सभी वार्डों का निरीक्षण कर कार्यों का अवलोकन करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों और नपा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित पार्षदों से शहर विकास को लेकर चर्चा करेंगे। उनके द्वारा सुझाव गए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराने का प्रयास किया जाएगा। नए सीएमओ ने मीडिया से भी सुझाव मांगते हुए शहर विकास में सहयोग देने का आग्रह किया है।




