Sapna jalashay Betul: Video: सापना जलाशय की डी-1 नहर से व्यर्थ बह रहा पानी

कमांड क्षेत्र के किसान सिंचाई से वंचित
Sapna jalashay Betul: बैतूल। जिले में सिंचाई व्यवस्था को लेकर जल संसाधन विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। सापना जलाशय से छोड़ा गया पानी डी-1 नहर में ओवरफ्लो होकर व्यर्थ बह रहा है, जबकि कमांड क्षेत्र के कई गांवों के किसान अब तक सिंचाई के लिए पानी का इंतजार कर रहे हैं।
इस स्थिति से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार सापना जलाशय से रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया था, लेकिन नहर प्रबंधन की कमी के कारण पानी सही तरीके से खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। डी-1 नहर के कई हिस्सों में पानी ओवरफ्लो होकर नालों में बह रहा है, जिससे बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ जा रहा है। वहीं दूसरी ओर नहर के टेल क्षेत्र में स्थित खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।
बैतूल बाजार क्षेत्र के भवानीपुरा के पास नहर छलकने की स्थिति बन गई है। यहां नहर से बहकर पानी सीधे नाले में जा रहा है। किसानों का कहना है कि एक ओर पानी की बर्बादी हो रही है, जबकि दूसरी ओर उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। किसानों के मुताबिक पिछले करीब 18 दिनों से कमांड क्षेत्र के कई खेतों तक पानी नहीं पहुंचा है। इस कारण रबी सीजन की गेहूं, चना और अन्य फसलें प्रभावित होने लगी हैं। समय पर सिंचाई नहीं होने से उत्पादन पर भी असर पडऩे की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
अधिकारियों की लापरवाही उजागर
किसानों का आरोप है कि जल संसाधन विभाग द्वारा जलाशय से पानी छोड़े जाने की व्यवस्था सही तरीके से नहीं की जा रही है। नहरों की समय पर सफाई और मरम्मत नहीं होने के कारण कई स्थानों पर पानी का प्रवाह बाधित हो जाता है, जबकि कुछ स्थानों पर ओवरफ्लो की स्थिति बन जाती है। इससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
किसानों ने मांग की है कि विभाग जल्द ही स्थिति का निरीक्षण कर नहरों की मरम्मत और पानी के उचित वितरण की व्यवस्था करे, ताकि कमांड क्षेत्र के सभी किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिल सके और पानी की बर्बादी भी रोकी जा सके।




