Betul Samachar: Video: सीएम बोले – सुरभि के निधन की अपूरणीय क्षति को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल

बैतूल पहुंच सीएम ने परिजनों को बंधाया ढांढस, डिप्टी सीएम देवड़ा भी आएं
Betul Samachar: बैतूल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बैतूल पहुंचे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के निवास पर जाकर उनकी सुपुत्री दिवंगत सुश्री सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सुरभि की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दुखद क्षण में विधायक हेमंत खंडेलवाल और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अपूरणीय क्षति को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। मुख्यमंत्री ने भगवान बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री के बैतूल पहुंचने से पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी खंडेलवाल निवास पहुंचे और दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने भी शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए प्रदेशभर से भाजपा संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार खंडेलवाल निवास पहुंच रहे हैं। श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।




