Betul News: डेढ़ अरब से ज्यादा रिजर्व प्राइज की शराब दुकानों की नीलामी पर टिकी निगाहें

7 प्रमुख समूहों के टेंडर शाम 4 बजे खुले, 2-3 समूह ही फाइनल होने की संभावना
Betul News: बैतूल। जिले में आबकारी विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए शराब दुकानों के संचालन को लेकर नीलामी प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन और जिला आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह चढ़ार के नेतृत्व में अब तक 15 में से 8 समूहों की सफल नीलामी पूरी हो चुकी है। इन समूहों में शामिल करीब दो दर्जन शराब दुकानों का संचालन 1 अप्रैल से शुरू हो जाएगा।
अब जिले के 7 प्रमुख समूहों के लिए आज शाम 4 बजे टेंडर खोले जाएंगे। इन समूहों की आरक्षित कीमत (रिजर्व प्राइज) काफी अधिक होने के कारण नीलामी को लेकर ठेकेदारों और विभाग दोनों की नजरें टिकी हुई हैं। बताया जा रहा है कि इन समूहों की नीलामी से जिले को बड़ा राजस्व मिलने की उम्मीद है।
पहले चरण में 8 समूहों की नीलामी पूरी
आबकारी विभाग ने पहले चरण में अपेक्षाकृत छोटे समूहों की नीलामी कर ली है। इन समूहों के ठेके फाइनल होने के बाद अब विभाग का पूरा ध्यान बचे हुए बड़े और राजस्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण 7 समूहों पर केंद्रित है। हालांकि विभाग को उम्मीद है कि नीलामी प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो जाएगी, लेकिन बाजार में चल रही चर्चाओं के अनुसार पहले दौर में सिर्फ 2 से 3 समूहों का ही निपटारा हो सकता है। यदि सभी समूहों के लिए संतोषजनक बोली नहीं आती है तो प्रक्रिया लंबी भी खिंच सकती है।
7 समूहों की रिजर्व प्राइज 155 करोड़ से अधिक
जिला आबकारी अधिकारी अंशुमान सिंह चढ़ार के अनुसार शेष 7 समूहों के लिए कुल रिजर्व प्राइज 1 अरब 55 करोड़ 36 लाख 60 हजार 208 रुपए निर्धारित की गई है। इनमें बैतूल गंज समूह सबसे महंगा है, जिसमें 1 और 2 नंबर दुकान के साथ कोठीबाजार और हमलापुर की दुकानें शामिल हैं। इस समूह की रिजर्व प्राइज 41 करोड़ 66 लाख 19 हजार 611 रुपए तय की गई है। इसी प्रकार बैतूल बाजार समूह में दो दुकानों के साथ खेड़ी और भडूस की दुकानें शामिल हैं, जिसकी आरक्षित कीमत 23 करोड़ 49 लाख 84 हजार 334 रुपए है।
बगडोना समूह में शोभापुर, घोड़ाडोंगरी और रानीपुर दुकानें शामिल हैं, जिनके लिए 20 करोड़ 64 लाख 3 हजार 392 रुपए रिजर्व प्राइज तय की गई है। इसके अलावा सारणी समूह में सारणी 1 और 2 के साथ पाथाखेड़ा और तिगड्डे की दुकानें शामिल हैं, जिनकी कुल रिजर्व प्राइज 15 करोड़ 85 लाख 89 हजार 465 रुपए है। भैंसदेही समूह में भैंसदेही 1 और 2, गुड़गांव और झल्लार की दुकानें शामिल हैं, जिनके लिए 16 करोड़ 86 लाख 3 हजार 577 रुपए आरक्षित मूल्य तय किया गया है। वहीं शाहपुर समूह में शाहपुर 1 और 2, भौरा और पिसाजोड़ी दुकानें शामिल हैं, जिनकी रिजर्व प्राइज 20 करोड़ 78 लाख 47 हजार 956 रुपए है। इसी तरह आमला समूह में आमला 1 और 2, बोडखी और जमबाड़ा की दुकानों के लिए 16 करोड़ 83 लाख 51 हजार 873 रुपए रिजर्व प्राइज निर्धारित की गई है।
31 मार्च तक पूरी हो सकती है प्रक्रिया
आबकारी विभाग का लक्ष्य है कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति 31 मार्च तक जिले के सभी 15 समूहों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि नए ठेकेदारों द्वारा 1 अप्रैल से सुचारू रूप से शराब दुकानों का संचालन शुरू किया जा सके। अब देखना यह होगा कि आज खुलने वाले टेंडर में सभी समूहों के लिए अपेक्षित बोली मिलती है या फिर विभाग को शेष समूहों के लिए दूसरे दौर की प्रक्रिया अपनानी पड़ती है। फिलहाल करोड़ों रुपए की इस नीलामी पर पूरे जिले की नजरें टिकी हुई हैं।




