Betul Samachar: लल्ली चौक से बस स्टैंड तक जगमगाएगी सडक़, नपा ने शुरू किया सेंटर पोलों पर लाइट लगाने का काम

सोमवार तक 30 एलईडी लाइटें लगाने का लक्ष्य, बस स्टैंड से पेट्रोल पंप चौराहे तक फिलहाल नहीं होगी रोशनी
Betul Samachar: बैतूल। नगर के सौंदर्यीकरण और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में नगर पालिका ने एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। लल्ली चौक से बस स्टैंड तक सडक़ को रोशन करने के लिए सेंटर पोलों पर एलईडी लाइटें लगाने का कार्य शनिवार से शुरू कर दिया गया। नगर पालिका का दावा है कि अगले दो दिनों में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद शहर के इस व्यस्त मार्ग पर रात के समय भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी और सडक़ की खूबसूरती में भी इजाफा होगा।
दो चरणों में हो रहा कार्य
नगर पालिका के विद्युत शाखा प्रभारी अमित सक्सेना ने बताया कि पहले चरण में सेंटर पोलों पर केबल बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में करीब 30 एलईडी लाइटें स्थापित की जाएंगी। यदि मौसम और अन्य परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो सोमवार तक पूरा कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। नई लाइटें लगने के बाद राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
150 मीटर का हिस्सा रहेगा अंधेरे में
हालांकि बस स्टैंड से पेट्रोल पंप चौराहे तक करीब 150 मीटर लंबे हिस्से में फिलहाल रोशनी की व्यवस्था नहीं हो सकेगी। इसका मुख्य कारण सडक़ के बीचों-बीच पहले से लगे 11 केवी विद्युत लाइन के पोल हैं। इन पोलों के कारण सेंटर में नए लाइट पोल स्थापित करना तकनीकी रूप से संभव नहीं है। ऐसे में इस हिस्से में फिलहाल स्ट्रीट लाइट लगाने की कोई गुंजाइश नहीं बन पा रही है।
सौंदर्यीकरण के साथ बढ़ेगी सुरक्षा
नगर पालिका का मानना है कि लल्ली चौक से बस स्टैंड तक सडक़ पर पर्याप्त रोशनी होने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि रात के समय यातायात भी अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। नगरवासियों को उम्मीद है कि भविष्य में बस स्टैंड से पेट्रोल पंप चौराहे तक के अंधेरे हिस्से के लिए भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी, ताकि पूरे मार्ग पर समान रूप से रोशनी उपलब्ध हो सके।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




