Betul News: 2025 में हत्या और दुराचार की घटनाओं में आई कमी

अपहरण और लूट के मामलों ने बढ़ाई पुलिस की चिंता

Betul News: बैतूल। जिला बैतूल बीते कुछ वर्षों से हत्या, दुराचार, चोरी और अन्य संगीन अपराधों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहा है। हालांकि वर्ष 2025 के अपराध आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 की तुलना में कुछ गंभीर अपराधों में कमी दर्ज की गई है। विशेष रूप से हत्या, हत्या के प्रयास, दुराचार और बलवा जैसी घटनाओं के ग्राफ में गिरावट आई है, जिससे पुलिस प्रशासन ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है। इसके बावजूद अपहरण और लूट जैसे अपराधों में हुई बढ़ोतरी ने आमजन और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2024 के दौरान जिले में हत्या की कुल 65 घटनाएं सामने आई थीं। वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 35 रह गई। यानी हत्या के मामलों में लगभग आधी कमी दर्ज की गई है। इसी प्रकार हत्या के प्रयास की घटनाओं में भी कमी आई है। वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास के 32 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 26 हो गई।

दुराचार के मामलों में भी गिरावट देखने को मिली है। वर्ष 2024 में जिले में दुराचार की कुल 111 घटनाएं सामने आई थीं, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 92 रह गई। यह कमी पुलिस की सक्रियता, जागरूकता अभियानों और त्वरित कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है। वहीं बलवा जैसी घटनाओं में भी कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में बलवे के 5 मामले सामने आए थे, जबकि 2025 में केवल 3 मामले ही दर्ज हुए।

हालांकि कुछ अपराधों में कमी पुलिस प्रशासन के लिए राहत भरी रही, लेकिन इसके बावजूद अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाना अब भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। वर्ष 2026 की शुरुआत में ही जिले में कई आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि पुलिस ने अधिकतर मामलों को सुलझाने में सफलता प्राप्त की है, फिर भी अपराध की प्रवृत्ति चिंता का विषय बनी हुई है।

अपहरण के मामलों में बढ़ोतरी से बढ़ी चिंता

जहां एक ओर हत्या और दुराचार जैसे अपराधों में कमी आई है, वहीं दूसरी ओर अपहरण के मामलों में इजाफा हुआ है। यह बढ़ोतरी आम नागरिकों के बीच भय का माहौल पैदा कर रही है। पुलिस इन घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अपेक्षित सफलता अब तक नहीं मिल पाई है।

आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में जिले में अपहरण के कुल 192 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 205 हो गई। इसी तरह लूट की घटनाओं में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में लूट की 12 घटनाएं सामने आई थीं, जो 2025 में बढ़कर 14 हो गईं।

कुल अपराधों की बात करें तो वर्ष 2024 में जिले में 4726 आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 4860 हो गई। इस प्रकार कुल आपराधिक मामलों में लगभग 3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सघन गश्त, तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद अपहरण और लूट जैसे मामलों में बढ़ोतरी यह संकेत देती है कि अपराधियों के हौसले अभी पूरी तरह पस्त नहीं हुए हैं। आने वाले समय में पुलिस के लिए अपराध पर पूर्ण नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना सबसे बड़ी चुनौती बना रहेगा।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button