Betul Samachar: निर्धन-प्रतिभाशाली 110 विद्यार्थियों को शैक्षणिक संबल 

लश्करे हॉस्पिटल चैरिटेबल एजुकेशन प्रमोशन ट्रस्ट की सराहनीय पहल

Betul Samachar: बैतूल। लश्करे हॉस्पिटल चैरिटेबल एजुकेशन प्रमोशन ट्रस्ट द्वारा शैक्षणिक एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छठवीं से ग्यारहवीं कक्षा तक के निर्धन, प्रतिभाशाली एवं संसाधन-वंचित विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना रहा। इस अवसर पर शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम बताते हुए बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। ट्रस्ट द्वारा अपनी स्थापना के दूसरे वर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी सँख्या में परिवार के सदस्यों सहित स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक, शिक्षिकाएं और बच्चों के पालक शामिल हुए।

110 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण

कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 110 विद्यार्थियों को टी-शर्ट, स्कूल बैग, स्टेशनरी, पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास स्पष्ट नजर आया। ट्रस्ट का मानना है कि सही समय पर मिला सहयोग बच्चों के सपनों को नई उड़ान देता है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाता है।

 शिक्षकदीप – गुरु सम्मान’ से शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि इस वर्ष शिक्षकों का ‘भी शिक्षकदीप – गुरु सम्मान’ के माध्यम से सम्मान किया जाना रहा। आयोजकों ने कहा कि शिक्षक ही वह दीपक हैं जो बच्चों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाकर उनकी दिशा तय करते हैं। शिक्षकों के सम्मान से समाज में शिक्षा के महत्व का संदेश और अधिक मजबूत हुआ।

प्रेरक संवादात्मक सत्र, बच्चों को मिला मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ प्रेरक एवं संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए गए। इन सत्रों में शिक्षा, लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे विषयों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बच्चों को समझाया कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर प्रयास से सफलता संभव है। यह पहल बच्चों को व्यापक मंच देने के साथ-साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच को भी मजबूती प्रदान करती है।

लश्करे परिवार की सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम में लश्करे परिवार के सभी सदस्य मंचासीन रहे। इनमें परिवार के मुखिया डॉ. धर्मचंद लश्करे, डॉ. मनीष लश्करे, डॉ. नमिता लश्करे, डॉ. अनुज लश्करे, डॉ. सिद्धि लश्करे, डॉ. अंकुर लश्करे, डॉ. अजय जैन, श्रीमती ममता जैन, श्रीमती कीर्ति जैन एवं बेबी अवनी जैन शामिल रहीं। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

2025 में हुई थी ट्रस्ट की शुरुआत

 ट्रस्ट के प्रमुख डॉ मनीष लश्करे ने बताया लश्करे हॉस्पिटल चैरिटेबल एजुकेशन प्रमोशन ट्रस्ट की शुरुआत वर्ष 2025 में की गई थी। पहले ही वर्ष में ट्रस्ट द्वारा 74 निर्धन और प्रतिभावान बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई थी। निश्चित ही ट्रस्ट के उद्देश्य और यह पुण्य कार्य उन बच्चों के लिए संजीवनी साबित हो रहे हैं, जो जीवन में नई ऊंचाइयों को छूने का सपना देखते उन्होंने बताया कि भविष्य में ट्रस्ट की ओर से निर्धन और प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए इस तरह के आयोजन कराएं जाएंगे।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button