Betul Crime News: कॉलेज की छात्रा से रेप, सचिव- रोजगार सहायक के साथ मिलकर कराया गर्भपात

बैतूल की छात्रा से नर्मदापुरम में शादी का प्रलोभन देकर युवक कर रहा था दुष्कर्म, एफआईआर के बाद सभी आरोपी फरार
Betul Crime News: बैतूल। बैतूल की एक नर्मदापुरम में पढ़ने वाली युवती के साथ चिचोली ब्लाक के एक युवक द्वारा रेप कर साथी रोजगार सहायक और झोलाछाप डाक्टर की मदद से दवाई खिलवाकर गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
युवती ने 5 जनवरी को नर्मदापुरम महिला थाने में रेप करने वाले युवक समेत गर्भपात कराने वाले सहयोगी रोजगार सहायक और डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। हालांकि यह मामला राजनीतिक रसूख में भी रहा है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
शुक्रवार सभी ने नर्मदापुरम जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी लगाई है। बताया जाता है कि पुलिस अग्रिम जमानत रद्द करने के लिए अदालत से अनुरोध करने वाली है।
प्राप्त जानकारी बैतूल जिले की बीजादेही थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 27 वर्षीय युवती ने महिला थाना नर्मदापुरम में की गई शिकायत में बताया था कि धमनिया निवासी सुभाष यादव ने लंबे समय से उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद वह शादी से मुकर गया। युवती के मुताबिक वह बीए की पढ़ाई करने के अलावा निजी कंपनी में नौकरी करने के लिए वर्ष 2021 में अपने गृह ग्राम से नर्मदापुरम चली गई थी। इसी दौरान पहचान के सुभाष यादव से उसकी मुलाकात हुई। 25 दिसंबर 2021 को पहली बार शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती हुई तो बनाया दबाव
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मई 2024 में पांच माह की गर्भवती हुई तो सुभाष यादव को इस संबंध में जानकारी दी। इस दौरान वह अपने दोस्त दिनेश यादव, संतोष यादव, बल्लू यादव और एक डॉक्टर को लेकर घर आया। पीड़िता के मुताबिक डॉक्टर का नाम उसे याद नहीं है। घर पर ही सभी ने मिलकर उसके हाथ और पैर पकड़े और दिनेश यादव ने जबरन गोली खिला दी। जिससे उसका गर्भपात हो गया।
पीड़िता ने बताया कि सुभाष से कई बार शादी का भी बोला, लेकिन वह टालते रहा। घटना के एक माह पहले सुभाष यादव ने उससे बात करना बंद कर दिया था। आरोपी सुभाष यादव के साथ मदद करने वालों में संतोष यादव शाहपुर ब्लाक की झापड़ी पंचायत का सचिव और चिचोली ब्लाक के बल्लोर का रोजगार सहायक दिनेश यादव शासकीय पद पर पदस्थ है। इसी वजह यह मामला काफी सुर्खियां बटोर रहा है। बताया जाता है कि शुक्रवार को इस चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपियों ने होशंगाबाद जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन भी लगाया है। हालांकि पुलिस ने इस पर आपत्ति भी जताई है।
इनका कहना…
पीड़िता की शिकायत पर रेप करने और सामूहिक रूप से गर्भपात करने के मामले में पांच लोगों पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शुक्रवार को आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय में आवेदन लगाया है। हमने इस पर आपत्ति लगाई है।
हेमलता मिश्रा, थाना प्रभारी महिला सेल, नर्मदापुरम




