Betul Samachar: नपा ने हड़काया तो अतिक्रमणकारियों का कॉलेज की जमीन पर कब्जा

एक के बाद एक अतिक्रमण परिसर तक बढ़ाया, प्राचार्य ने कलेक्टर को कराया अवग
Betul Samachar: बैतूल। कॉलेज की बेशकीमती जमीन पर इन दिनों अतिक्रमणकारियों ने बेजा कब्जा कर रखा है। यह कवायद उस समय हुई जब अतिक्रमणकारियों को राजस्व-नपा की जमीन से हटाने के प्रयास शुरू हुए। ऐसे में कालेज के सामने बने कर्मचारियों के आवास वाली जगह में फेंसिंग न होने का फायदा उठाकर तथाकथित गुमठीधारियों ने पांच से लेकर दस फीट तक कब्जा कर लिया है। इससे कालेज की जमीन के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। प्राचार्य इस संबंध में कलेक्टर को अवगत करा चुकी है, लेकिन अब तक अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।

कॉलेज के सामने इस समय अतिक्रमणकारियों की राजनीति के आगे विभागीय अधिकारी फिके साबित हो रहे हैं। इनका दावा है कि राजनीतिक दल के किसी जिम्मेदार व्यक्ति ने उन्हें कालेज की जमीन पर गुमठियां पीछे करने के लिए कहा। यह बात नगरपालिका के कुछ जिम्मेदार भी दबी जुबान से बोल रहे हैं। यही वजह है कि सड़क पर अतिक्रमण पर होने के कारण अधिकांश ने कालेज की सरकारी जमीन पर पीछे तक कब्जा कर रखा है। इससे यहां निवास करने वाले कर्मचारी बेहद परेशान है।
नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर इन कर्मचारियों ने बताया तिक पानठेलों पर चाय की चुस्कियों के साथ सिगरेट के कश उड़ाने वाले उनके कैंपस तक आ रहे हैं। आए दिनों रात तक यहां पर असामाजिक तत्वों का जमघट लगा रहता है। इससे सभी भयभीत है। उनका कहना है कि अतिक्रमण करने की अनुमति देने का हवाला देकर भूल न जाने पर अतिक्रमणकारी उनको ही धमका रहे हैं। संबंधितों ने बताया कि परिसर में पीछे तक रात में असामाजिक तत्वों का डेरा रहने से माहौल खराब हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई में भी व्यवधान हो रहा है।

कॉलेज प्रबंधन खुद परेशान
इस संबंध में जानकारी सामने आई है कि कॉलेज प्रबंधन खुद परेशान है। प्राचार्य डॉ मीनाक्षी चौबे का मानना है कि उन्हें कर्मचारियों और अन्य माध्यमों से परिसर की जमीन पर अतिक्रमण करने की जानकारी मिली है। इस संबंध में वे कलेक्टर से दो मर्तबा मौखिक रूप से चर्चा कर चुकी है। उन्होंने बताया कि शीघ्र इस संबंध में पत्राचार भी किया जा रहा है। प्राचार्य की इन बातों से साफ है कि अतिक्रमण के कारण परिसर का माहौल खराब हो रहा है, लेकिन न तो नपा और न ही राजस्व अमले के अलावा पुलिस अमला कोई ठोस कार्रवाई कर रहा है।

मार्ग डायवर्ट से और बड़ी परेशानी
परशुराम चौक पर सौंदर्यीकरण के लिए आमला-सारणी मार्ग बंद पड़ा है। ऐसे में सिविल लाइन क्षेत्र से वाहनों की आवाजाही हो रही है। बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही में गुमठीधारकों द्वारा सड़क तक खुद का और यहां आने वाले वाहनों के अतिक्रमण से जाम की स्थिति भी बन रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी वजह आए दिनों विवाद भी हो रहे हैं, लेकिन गुमठीधारकों का दावा है कि उन्हें राजनीति संरक्षण मिला है, इसलिए कोई नहीं हटा सकता।
इनका कहना…
हमने कलेक्टर साहब को मौखिक अवगत कराया है। शीघ्र ही पत्राचार कर अतिक्रमण हटाने के लिए आग्रह करेंगे।
डॉ मीनाक्षी चौबे, प्राचार्य जेएच कॉलेज बैतूल ।
-पहले इन अतिक्रमणकारियों को हटाया था, तब यातायात में बाधा के कारण कॉलेज की जमीन पर अस्थाई तौर पर दुकानें लगाने के लिए कहा था। यदि कलेक्टर साहब या जनप्रतिनिधि निर्देश दे तो हम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेंगे।
ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक, नपा बैतूल




