Betul News: 1.05 करोड़ से शुरू हुआ कालेज चौक सौंदर्यीकरण

पहले चरण में पाइप शिफ्टिंग, पुलिया हटेंगी
Betul News: बैतूल। लंबे समय बाद आखिर नपा ने बंद पड़े निर्माण कार्य को गति देना शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत शनिवार से कॉलेज चौक पर 1.05 करोड़ की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण से हुई है। इस सौंदर्यीकरण के लिए नपा ने डेढ़ वर्ष पहले ही करीब आधा दर्जन पेड़ काटकर पोल शिफ्टिंग का काम पूरा कर लिया था, लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया।
शनिवार ठेकेदार शुभ मुर्हूत में सौंदर्यीकरण के लिए काम शुरू कर दिया है। इसके पीछे विधायक हेमंत खंडेलवाल की नाराजगी को भी वजह बताया जा रहा है। काम में विलंब के कारण विधायक की फटकार के बाद शनिवार ठेकेदार ने कालापाठा पहुंच मार्ग की ओर स्थित पुलिया से पाइप शिफ्टिंग के लिए काम शुरू कर दिया है। सबसे पहले मुख्य सड़क के नीचे से वनिता समाज से कालेज की बाउंड्रीवाल तक पाइप लाइन शिफ्ट की जा रही है।
यह पाइप लाइन कालेज मार्ग से होते हुए दूसरे छोर पर गई है। इसे सौंदर्यीकरण के पहले शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण होगा। नपा के सब इंजीनियर पंकज धुर्वे ने बताया कि 1.60 करोड़ के काम की शुरुआत पाइप लाइन शिफ्टिंग से हो रही है। 432 मीटर की नई पुलिया एक छोर पर बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिया दोनों ओर बनाकर करीब 36 मीटर लंबी होगी। इसकी चौड़ाई 4 फीट और ऊंचाई 2 फीट की जाएगी, ताकि पाइप लाइन को कोई दिक्कत न हो। इसके बाद कलेक्टर आवास से लेकर परशुराम चौक का सौंदर्यीकरण होगा। चौक पर हाईमास्ट लगाकर इसे दूधिया रोशनी से डिवाइडर बनाकर आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।

रोड डायवर्ट, लगा जमा
ठेकेदार द्वारा सौंदर्यीकरण के लिए कालेज चौक पर पुलिया बनाने के लिए जेसीबी से खुदाई शुरू की। इस दौरान नपा के जलशाखा के कर्मचारी भी मौजूद थे। इससे पहले यातायात पुलिस को भी सूचना दे दी गई। यहां कालेज से गंज मार्ग को डायवर्ट कर दिया गया है। वनिता समाज के सामने बची छोटी जगह से वाहन निकाले जा रहे हैं। शेष पूरे मार्ग को डिवाइडर लगाकर बंद कर दिया है। चूंकि मिट्टी मुख्य सड़क पर डाली जा रही है। इससे दुर्घटना की संभावना है। यही कारण है कि नपा को मार्ग डायवर्ट करने के लिए यातायात पुलिस की मदद लेना पड़ा।




