Betul Samachar: Video: विवाह के बाद बालिग युवती को टीआई ने परिजनों को सौंपा

युवक ने आपत्ति जताई तो मोहदा थाना प्रभारी ने रेप के झूठे केस में फंसाने की दी धमकी

Betul Samachar: बैतूल। कानून की रक्षा की जिम्मेदारी जिन कंधों पर होती है, जब वही कानून को ताक पर रख दें तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करे? बैतूल जिले के मोहदा थाना प्रभारी वी.पी. मौर्य पर ऐसे ही गंभीर आरोप लगे हैं। फरियादी अर्जुन पिता गोलू मार्को, निवासी बोरिसराय तहसील हरसूद जिला खंडवा ने पुलिस अधीक्षक बैतूल से शिकायत कर थाना प्रभारी एवं एक महिला पुलिसकर्मी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की मांग की है।

फरियादी के अनुसार, चौकी दामजीपुरा अंतर्गत दर्ज एक गुम इंसान मामले में दस्तयाब नवविवाहिता युवती के बयान लेने के लिए उसे थाना मोहदा बुलाया गया था। अर्जुन अपनी पत्नी को लेकर थाना पहुंचा, जहां करीब चार घंटे बैठाने के बाद युवती के बयान लिए गए। बयान में युवती ने स्पष्ट कहा कि वह और अर्जुन एक ही जाति के हैं, दोनों एक-दूसरे को दो वर्षों से जानते हैं और स्वेच्छा से विवाह किया है। उसने अपने पति के साथ जाने की इच्छा भी जाहिर की।

आरोप है कि जब युवती ने माता-पिता के साथ जाने से इनकार किया, तब थाना प्रभारी वी.पी. मौर्य ने उसके परिजनों से कहा कि ‘लड़की को अपने साथ ले जाओ, मैंने इसे तुम्हें सुपुर्द किया है। युवती के विरोध के बावजूद परिजन उसे थाना परिसर से ही जबरन उठाकर ले गए। फरियादी अर्जुन द्वारा आपत्ति जताने पर थाना प्रभारी ने कथित तौर पर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और धारा 376 में फंसाने की धमकी दी।

फरियादी का कहना है कि कानूनन बयान के बाद बालिग युवती को उसी के निर्णय के अनुसार जाने दिया जाना चाहिए था, लेकिन थाना प्रभारी और महिला पुलिसकर्मी ने उसे जबरन ले जाने से रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। अर्जुन ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत 181 पर भी दर्ज कराई है। अब मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्यवाही की मांग की जा रही है।

इनका कहना…

लड़की के माता पिता सामाजिक रीति रिवाज से शादी करवाना चाह रहे थे इसीलिए लड़की को उसके मातापिता के सुपुर्द किया है।

बीपी मौर्य, थाना प्रभारी मोहदा थाना

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button