Betul Crime News: Video: हत्या के आरोपियों का कान पकड़कर तीन किमी तक निकाला जुलूस

किरकिरी बढ़ी तो पुलिस हरकत में, दो नाबालिग सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

Betul Crime News: बैतूल। गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चुन्नीढाना में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों का शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकालकर यह संदेश दिया कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार कालापाठा निवासी विवेक मरकाम (17) की बुधवार को कुछ युवकों द्वारा मारपीट किए जाने के बाद मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी वीरेंद्र जैन की नाराजगी के बाद गंज पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस प्रकरण में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी अन्नु उर्फ अनिकेत ठाकुर, कृपाल सिंह ठाकुर, जुनेद अली और दो नाबालिग शामिल हैं। घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

शुक्रवार को गंज पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला। जुलूस की शुरुआत आरोपियों के घर से हुई, जो पैदल गंज नंदी चौक, दिलबहार चौक, टांगा चौक, बाबू चौक होते हुए कॉलेज चौक, गणेश चौक कोठीबाजार, लल्ली चौक से गुजरते हुए गंज थाना पहुंचा। लगभग तीन किलोमीटर लंबे इस जुलूस के दौरान आरोपियों को कान पकड़वाकर चलाया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य समाज में यह स्पष्ट संदेश देना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और दावा किया जा रहा है कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गंज पुलिस का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है ताकि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश गया है, वहीं आम नागरिकों में भी यह भरोसा बना है कि अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कदम उठा रही है।

 

परिजनों ने की आरोपियों का मकान ढाहने की मांग

हत्या के मामले परिजनों और आदिवासी संगठनों ने शुक्रवार को एसपी वीरेन्द्र जैन से मुलाकात की और आरोपी के अवैध मकान को ढाहने की मांग की है। परिजनों और आदिवासी संगठनों ने एसपी को बताया के आरोपी के अवैध मकान पर बुल्डोजर चलेगा तो समाज में भी सख्त संदेश जाएगा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध करने वाले आरोपियों में पुलिस का डर बना रहेगा और इस तरह के गंभीर अपराध नहीं होगे। आदिवासी संगठनों ने इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी से मुलाकात के बाद परिजन व संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से भी मुलाकात कर हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button