Betul News: प्रभारी मंत्री ने गिनाई मोहन सरकार की दो साल की उपलब्धियां

जिले में विकास कार्यों का खुला पिटारा, रोजगार से लेकर मनरेगा में राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा और सीएम आ सकते है मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखने
Betul News: बैतूल। जिले के लिए 23 दिसंबर का दिन ऐतिहासिक साबित हो सकता है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बैतूल आगमन की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इस दौरान वे बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रख सकते हैं। इस बात की जानकारी प्रभारी मंत्री ने डॉ मोहन यादव सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित पत्रकारवार्ता में दी । इस दौरान उन्होंने सरकार की दो वर्ष के उपलब्धियों को गिनाया। जिले में इन दो वर्षों में शिक्षा से लेकर रोजगार और स्वास्थ्य पर बड़े स्तर पर काम होने पर उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों की पीठ थपथपाई। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने पर भी उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।
प्रभारी मंत्री की माने तो यदि यदि बैतूल जिले में मेडिकल कालेज खुलता है तो जिले के लिए बड़ी सौगात कहीं जा सकती है। 23 दिसंबर को इसकी आधारशिला रखी जाती है, तो यह जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मेडिकल कॉलेज के निर्माण से न केवल जिले के मरीजों को उन्नत इलाज की सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के आदिवासी और ग्रामीण अंचलों के लोगों को भी लाभ होगा। वर्तमान में गंभीर मरीजों को नागपुर, भोपाल या इंदौर रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से बैतूल और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे। एमबीबीएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलने से युवाओं को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे जिले की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
प्रशासन और पार्टी संगठन जुटे तैयारियों में
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन तैयारियों में जुट गया है। कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसभा की रूपरेखा पर मंथन किया जा रहा है। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं ताकि आयोजन व्यवस्थित और सफल हो सके। मुख्यमंत्री के आगमन और मेडिकल कॉलेज की आधारशिला की खबर से जिलेभर में उत्साह का माहौल है। आमजन को उम्मीद है कि यह परियोजना जल्द ही धरातल पर उतरेगी और बैतूल स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
जिले में कई विकास कार्यों ने रचा इतिहास
प्रभारी मंत्री ने बताया कि जिले में 5 स्टार्टअप कम्पनियों से करोड़ों का निवेश और रोजगार सम्भव हो पाया है। मनरेगा अंतर्गत 2 वर्षों में 63,93 लाख मानव दिवस सृजित कर 11हजार 859 कार्यों को पूर्ण किया गया। 88 करोड़ की लागत से जिले में 7 हजार 369 आवास निर्मित किए गए। जिले में 13 हजार 489 समूहों के गठन के बाद 1 लाख 64 हजार 734 महिलाओं को शामिल किया है। उन्होंने जिले में नगरीय विकास,राजस्व प्रकरणों के निपटारे के साथ साथ सांसद विधायक निधि से करोड़ों रुपयों के विकास कार्यों की भी उन्होंने जानकारी भी दी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और सीएम रखेंगे आधारशिला
प्रभारी मंत्री ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के शामिल होने की भी संभावना है। यदि उनका आगमन होता है तो यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाएगा। इससे संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय का संदेश भी जाएगा। बताया जाता है कि इसके लिए खुद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल लंबे समय से प्रयास कर रहे थे।
चूंकि 21 दिसंबर को भोपाल में प्रधानमंत्री वर्चुअल रूप से भोपाल मेट्रो का अनौपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में पहले कई दिग्गजों के आने की संभावना थाी, लेकिन पीएम का दौरा रद्द होने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बैतूल आकर मेडिकल कालेज की आधारशिला रखेंगे।




