Betul Samachar: शराबियों का अड्डा बना ईएलसी कैंपस, हो सकती है बड़ी घटना
Betul News: ELC campus becomes a den of alcoholics, a major incident may happen.

स्थानीय रहवासी असामाजिक तत्वों का सामना करने पर मजबूर
Betul Samachar: बैतूल। शहर के मध्य स्थित बस स्टैंड के ठीक सामने स्तिथ ईएलसी कैंपस इन दिनों असामाजिक तत्वों और शराबियों के लिए सुरक्षित अड्डा बनता जा रहा है। शाम होते ही यहां समूह में शराब और नशे का सेवन खुलेआम किया जा रहा है। इसमें ईएलसी कैंम्पस में रहने वाले परिवारों सहित आस-पास के रहवासियों और व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान से शराब खरीदकर शराबी कैंपस में बैठकर सार्वजनिक स्थान पर शराब खोरी कर रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस की अनदेखी के कारण शराबियों के हौसले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। देर रात तक कैंपस से तेज आवाज में गाली-गलौज और उपद्रव की घटनाएं आम हो चुकी हैं, जिन्हें रोकने के लिए कोई भी जिम्मेदार अधिकारी आगे नहीं आ रहा।
स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों ने बताया कि कैंपस के पास रहने वाले परिवारों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं के लिए यहां से गुजरना बेहद मुश्किल हो चला है। कई बार नशे में धुत्त शराबी द्वारा राहगीरों से बदसलूकी और विवाद भी हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि असामाजिक तत्वों को रोकने या विरोध करने की कोशिश करने पर बदसलूकी धमकी और मारपीट तक की नौबत आ चुकी है। डर की वजह से लोग रात होते ही घरों से निकलने से कतराते हैं।
क्षेत्र में छोटे बच्चों और युवाओं पर इस माहौल का नकारात्मक असर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो यहां किसी बड़े हादसे का होना तय है। कभी भी विवाद, चाकूबाजी या किसी अन्य गंभीर अपराध की घटना हो सकती है। इसके बावजूद अब तक न तो यहां पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और न ही कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई कदम उठाया गया है।
सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति व अंधेरे के कारण असामाजिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिल रहा है। नागरिकों ने कलेक्टर, एसपी से मांग की है कि ईएलसी कैंपस को नशेड़ियों और उपद्रवियों से मुक्त कराया जाए और यहां स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्त, पर्याप्त रोशनी और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि स्थानीय जनता को अब पुलिस से सिर्फ ठोस कार्रवाई और सुरक्षित माहौल की उम्मीद है।




