Betul Samachar: Video : पारिवारिक विवाद ने लिया बलवे का रूप, पति-पत्नी की लाठी-डंडों से पिटाई
Betul News: Family dispute took the form of riot, husband and wife beaten with sticks

पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध, स्कार्पियो वाहन जब्त
Betul Samachar: बैतूल। रविवार रात जिला मुख्यालय के पास स्थित ग्राम डहर गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे दो रिश्तेदारों के बीच के तनाव ने उस वक्त विकराल रूप ले लिया, जब 10 युवकों ने एक मकान पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में मौजूद पति-पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और मकान में जमकर तोड़फोड़ की,सामने खड़ी कार के शीशे चकनाचूर कर दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चेहरे पर कपड़ा बांधे युवक उत्पात मचाते और पीड़ित दंपत्ति बचने के लिए चीखते चिल्लाते नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही खेड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में लिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ बलवा और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ घटनास्थल से एक स्कार्पियो वाहन को राउंडअप कर लिया गया और वीडियो फुटेज को जब्त किया गया है। खेड़ी चौकी प्रभारी राकेश सरियाम के अनुसार डहर गांव निवासी शैलेन्द्र पवार और उनके रिश्तेदार गणेश हजारे के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। रविवार रात इसी विवाद के चलते गणेश हजारे अपने साथ पंकज, शुभम, निखिल, लोकेश और अन्य पांच युवकों को लेकर शैलेन्द्र के घर पहुंचा।
सभी आरोपियों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। घर पहुंचते ही उन्होंने पहले विवाद शुरू किया, जो देखते ही देखते मारपीट और बलवे में बदल गया। आरोपियों ने घर में घुसकर खिड़की, दरवाजों में तोड़फोड़ की और शैलेन्द्र तथा उनकी पत्नी अनीता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दंपत्ति को हल्की चोटें आईं। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर गणेश हजारे सहित 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस हिंसक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्यवाही की जाएगी।
इनका कहना..
पारिवारिक विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और बलवे की घटना हुई है। प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
राकेश सरियाम, खेड़ी चौकी प्रभारी बैतूल




